

अगर आप माता वैष्णो देवी के दर्शन की योजना बना रहे हैं या श्रीनगर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए है. भारतीय रेलवे ने जम्मू डिवीजन में रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करते हुए नई ट्रेन सर्विस शुरू की हैं. इससे यात्रियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सफर के लिए पहले से ज्यादा ऑप्शन मिलेंगे. खास बात यह है कि इस विस्तार में वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी हाई-स्पीड ट्रेनें भी शामिल हैं, जिससे यात्रा पहले के मुकाबले ज्यादा तेज और सुविधाजनक होगी.
2025-26 में शुरू हुईं 4 जोड़ी नई ट्रेन सेवाएं
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में एक लिखित जवाब में बताया कि वर्ष 2025-26 के दौरान जम्मू डिवीजन में 4 जोड़ी नई ट्रेन सेवाएं शुरू की गई हैं. इन ट्रेनों की शुरुआत जून 2025 से मार्च 2026 के बीच की गई, ताकि जम्मू-कश्मीर आने-जाने वाले यात्रियों की बढ़ती जरूरतों को पूरा किया जा सके.
इन नई ट्रेनों से यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा
नई ट्रेन सेवाओं में दो जोड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस भी शामिल हैं. इनमें जम्मू तवी-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस और अमृतसर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं.
इसके अलावा श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बडगाम एक्सप्रेस को भी इस रूट पर शुरू किया गया है. इन ट्रेनों से जम्मू, कटरा, श्रीनगर और आसपास के इलाकों के बीच सफर पहले के मुकाबले ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो गया है.
170 से ज्यादा ट्रेनें चालू, मजबूत हुई कनेक्टिविटी
नई ट्रेनों के शुरू होने के बाद जम्मू डिवीजन में अब 170 से अधिक ट्रेन चल रही हैं. इससे जम्मू-कश्मीर की देश के दूसरे हिस्सों से रेल कनेक्टिविटी और मजबूत हुई है.रेलवे का कहना है कि इन सेवाओं से न सिर्फ स्थानीय लोगों को फायदा मिलेगा, बल्कि धार्मिक यात्रा, पर्यटन और दूसरे कामों से आने-जाने वाले यात्रियों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी.
किस स्टेशन पर कितनी ट्रेन सेवाएं मिल रही हैं?
- जम्मू डिवीजन के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन सेवाओं की संख्या भी काफी बढ़ी है.
- जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर इस समय 114 ट्रेन सेवाएं उपलब्ध हैं.
- श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन से 46 ट्रेन सेवाएं संचालित हो रही हैं.
- बडगाम रेलवे स्टेशन पर फिलहाल 19 ट्रेन सेवाएं चल रही हैं.
इन स्टेशनों के जरिए यात्रियों को जम्मू-कश्मीर के भीतर और देश के कई प्रमुख शहरों तक बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिल रहा है.
जम्मू डिवीजन भारतीय रेलवे का 70वां रेल डिवीजन है, जिसकी स्थापना जनवरी 2025 में की गई थी. डिवीजन बनने के बाद से रेलवे लगातार नई ट्रेन सेवाएं जोड़ रहा है.खास तौर पर वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी एडवांस ट्रेनों की शुरुआत से इस क्षेत्र की रेल व्यवस्था को नई मजबूती मिली है. इससे यात्रियों के लिए सफर तेज, आरामदायक और पहले के मुकाबले ज्यादा सुविधाजनक हुआ है.
श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मिलेगा बड़ा फायदा
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में दी गई जानकारी में कहा कि नई ट्रेन सेवाएं जम्मू तवी, श्री माता वैष्णो देवी कटरा, उधमपुर, बनिहाल, श्रीनगर और बडगाम जैसे स्टेशनों से यात्रा करने वाले लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर शुरू की गई हैं.इन ट्रेनों के शुरू होने से माता वैष्णो देवी आने वाले श्रद्धालुओं, कश्मीर घूमने वाले पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी. साथ ही जम्मू-कश्मीर की देश के बाकी हिस्सों से कनेक्टिविटी भी पहले से कहीं ज्यादा मजबूत होगी.
ये भी पढ़ें- अदाणी डिफेंस और DRDO मिलकर बनाएंगे एडवांस AEW&C-MKII सिस्टम, वायुसेना को मिलेंगे 6 नए एयरक्राफ्ट





