खबर

8 साल बाद AMU में छात्रसंघ चुनाव, 22 हजार छात्र-छात्राएं चुनेंगे अपना प्रतिनिधि | AMU Student Union Elections 2026 Voting After Eight Years, Around 22000 Students to Cast Their Votes



अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में छात्रसंघ चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं. गुरुवार को विश्वविद्यालय में मतदान होगा। करीब आठ साल बाद हो रहे इस चुनाव में लगभग 22 हजार छात्र-छात्राएं अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव समेत पांच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा.

विश्वविद्यालय के 13 मतदान केंद्रों पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे. मतदान को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने व्यवस्था की है. चुनाव के लिए कुल 70 मतपेटियों का इंतजाम किया गया है. छात्र पांच अलग-अलग रंगों के मतपत्रों के जरिए अपने पसंद के उम्मीदवार को वोट देंगे. इन मतपत्रों के माध्यम से अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कैबिनेट और एएमयू कोर्ट सदस्य चुने जाएंगे.

मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. जावेद तालिब के अनुसार, चुनाव संपन्न कराने के लिए 60 सदस्यीय कोर कमेटी बनाई गई है. मतदान की जिम्मेदारी निभाने के लिए विश्वविद्यालय के शिक्षक और कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है. मतदान केंद्रों पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे छात्र-छात्राएं आसानी से अपने वोट डाल सकें.

अध्यक्ष पद पर 9 प्रत्याशी मैदान में

छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए 9 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए 7 और सचिव पद के लिए 3 उम्मीदवार मैदान में हैं. इसके अलावा कैबिनेट और एएमयू कोर्ट सदस्य पद के लिए भी प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं. सभी उम्मीदवार पिछले कई दिनों से छात्रों के बीच जाकर अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं.

फाइनल स्पीच में प्रत्याशियों ने रखी अपनी बात

बुधवार को चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में प्रत्याशियों ने फाइनल स्पीच दी. इस दौरान उन्होंने छात्रों के सामने अपनी बात रखी और छात्र हितों से जुड़े मुद्दे उठाए. छात्रसंघ की भूमिका और विश्वविद्यालय में छात्रों से जुड़ी समस्याएं भी चर्चा का हिस्सा रहीं. अब सभी की नजर गुरुवार को होने वाले मतदान पर है.

शाम 7 बजे से शुरू होगी मतगणना

मतदान खत्म होने के बाद शाम 7 बजे से एनआरएससी क्लब में मतगणना शुरू होगी. इसके बाद चुनाव के नतीजे सामने आएंगे. करीब आठ साल बाद हो रहे इस चुनाव को लेकर विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं में उत्सुकता है. मतदान में बड़ी संख्या में छात्रों के हिस्सा लेने की उम्मीद है. अब देखना होगा कि छात्र अपने नए प्रतिनिधि के रूप में किन उम्मीदवारों को चुनते हैं.
 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button