

नई दिल्ली:
अगर आपको ऐसी फिल्में पसंद हैं जिनमें एक आम परिवार (चार बेचारे वक्त के मारे) मुश्किल हालात में फंसकर अपराधियों से मुकाबला करता है, तो ‘आदर्श कुटुंबम हाउस नंबर 47 – एके 47’ आपके लिए दिलचस्प विकल्प हो सकती है. तेलुगु सिनेमा की यह एक्शन-कॉमेडी फिल्म अब नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है. फिल्म को OTT प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर हिंदी में भी देखा जा सकता है. ये नेटफ्लिक्स टॉप 10 इंडिया की ट्रेंडिंग फिल्मों की लिस्ट में नंबर 2 पर है. 65 साल के वेंकटेश और 34 साल की श्रीनिधि शेट्टी की जोड़ी ‘आदर्श कुटुंबम’ की यूएसपी है. उनके साथ जो बच्चे हैं वो भी बेमिसाल हैं. फिल्म के राइटर-डायरेक्टर त्रिविक्रम श्रीनिवास हैं.
100 करोड़ की लॉटरी बनी मुसीबत
‘आदर्श कुटुंबम’ की कहानी एक ऐसे परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे 100 करोड़ रुपये की लॉटरी जीतने वाला परिवार बताकर एक खतरनाक स्थिति में डाल दिया जाता है. पुलिस भी इस परिवार को अपराधियों के खिलाफ एक रणनीति के तहत इस्तेमाल करती है. इसके बाद परिवार के सामने ऐसी मुसीबत आती है, जहां उसे अपनी जान बचाने के लिए एक गैंग का सामना करना पड़ता है. फिल्म का दिलचस्प पहलू यह है कि यहां सिर्फ परिवार का मुखिया ही अपराधियों से भिड़ता नजर नहीं आता, बल्कि परिवार के सदस्य भी अपने-अपने तरीके से हालात का सामना करते हैं. इस तरह मूवी में एक्शन, कॉमेडी, पारिवारिक ड्रामा और थ्रिलर का जबरदस्त कॉकटेल है.
वेंकटेश और श्रीनिधि की धमाकेदार जोड़ी
फिल्म में वेंकटेश दग्गुबाती मुख्य भूमिका में हैं. उनके साथ श्रीनिधि शेट्टी हैं, जिन्हें हिंदी दर्शक केजीएफ (KGF) फिल्मों के जरिए भी पहचानते हैं. फिल्म में नारा रोहित, निवेता पेथुराज, युविना पार्थवी, राव रमेश, सत्य, ब्रह्माजी, नासर और वेनेला किशोर भी अहम किरदारों में है. फिल्म का निर्देशन त्रिविक्रम श्रीनिवास ने किया है. फिल्म में थमन एस का मयूजिक है. इसकी ड्युरेशन 2 घंटे 26 मिनट है. फिल्म 30 अक्तूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी.
बजट से बॉक्स ऑफिस तक
‘आदर्श कुटुंबम’ का बजट करीब 110 से 128 करोड़ रुपये है. फिल्म ने सिनेमाघरों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 75.81 करोड़ रुपये रहा. फिल्म की IMDb रेटिंग 10 में से 5.6 है. थिएटर रिलीज के बाद 27 नवंबर से यह नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है. नेटफ्लिक्स पर फिल्म को तेलुगु के अलावा हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ ऑडियो में भी देखा जा सकता है.





