
साल 2026 के इन 6 महीनों में सिनेमाघरों में ढेरों फिल्में आईं और चली गई. इसमें कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर खास परफॉर्म नहीं किया. अगर आदित्य धर की ‘धुरंधर 2 द रिवेंज’ को हटा दिया जाए तो इसके अलावा कोई बहुत बड़ी हिट हिंदी फिल्म सिनेमाघरों में नहीं आई. लेकिन आने वाले 6 महीने बॉक्स ऑफिस के लिहाज से बेहद ही धमाकेदार होने वाले हैं. इसमें कई बड़ी फिल्में रिलीज होंगी, जिसे लेकर माना जा रहा है कि ये बॉक्स ऑफिस के सारे समीकरण ही बदल देंगी. चलिए बताते हैं उन फिल्मों के बारे में.
बंटवारा 1947
सनी देओल ने ‘गदर 2’ और ‘जाट’ जैसी फिल्मों से बॉक्स ऑफिस को हिलाकर रख दिया था. ठीक वैसे ही अंदाज में एक बार फिर से सनी देओल सिनेमाघरों में लौटते नजर आने वाले हैं. वो फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को लेकर चर्चा में हैं. फिल्म का हाल ही में टीजर भी जारी किया गया था. इसका निर्देशन राजकुमार संतोषी कर रहे हैं. इसके जरिए एक बार फिर से सनी देओल और प्रीति जिंटा की जोड़ी पर्दे पर वापसी कर रही है. फिल्म को 14 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: 2026 की तमिल की वो फिल्म, जिसने कमाया 296% प्रॉफिट, धनुष की मूवी को भी चटाया धूल
आपको बता दें कि सनी देओल और प्रीति जिंटा की जोड़ी को फिल्म ‘द हीरो’ में देखा गया था. इसमें दोनों की केमिस्ट्री काफी पसंद की गई थी. इसके बाद लंबे समय के बाद इस जोड़ी ने फिल्म ‘भैय्याजी सुपरहिट’ से वापसी की थी लेकिन इसमें कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई थी.
रामायणम्
नितेश तिवारी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायणम्’ भी जल्द सिनेमाघरों में रिलीज होगी. ये इस साल की बहुचर्चित फिल्मों में से एक रही है. इसमें रणबीर कपूर राम तो साई पल्लवी सीता और सनी देओल हनुमान के रोल में दिखेंगे. फिल्म को दो पार्ट में रिलीज किया जाएगा. इसके दोनों पार्ट का बजट 4000 करोड़ है. ये इंडियन सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी फिल्म है. फिल्म का फर्स्ट पार्ट दिवाली 2026 के मौके पर रिलीज किया जाएगा.

टॉक्सिक
यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ इस साल 19 मार्च को रिलीज की जानी थी लेकिन ‘धुरंधर 2’ से क्लैश की वजह से फिल्म की रिलीज को पोस्टपोन कर दिया गया था. हालांकि, मेकर्स ने फिल्म की रिलीज पोस्टपोन होने की वजह खाड़ी युद्ध को दिया था. अभी तक फिल्म की अगली रिलीज डेट सामने नहीं आई है लेकिन इसका टीजर पहले ही जारी किया जा चुका है, जिसकी कड़ी आलोचनाएं हुई थीं. गौरतलब है कि इसका निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है. इसमें यश, कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया जैसे कलाकार अहम रोल में हैं.

यह भी पढ़ें: 2025 की कन्नड़ फिल्म, जिसने रचा था इतिहास, 717.05% प्रॉफिट कमाकर ‘धुरंधर’ को भी पछाड़ा
फौजी
प्रभास को आखिरी बार फिल्म ‘द राजा साब’ में देखा गया था. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ठीकठाक परफॉर्म किया था लेकिन उनकी बाकी फिल्मों के मुकाबले खास कलेक्शन नहीं रहा था. वहीं, अब एक्टर फिल्म ‘फौजी’ को लेकर चर्चा में हैं, जिसका दर्शकों और फैंस को बेसब्री से इंतजार है. 123Telugu की एक रिपोर्ट के अनुसार, बताया जा रहा है कि फिल्म को सिनेमाघरों में 3 दिसंबर, 2026 को रिलीज किया जाएगा. हालांकि, इसकी ऑफिशियल रिलीज का ऐलान होना बाकी है. इस फिल्म में प्रभास के साथ अनुपम खेर और मिथुन चक्रवर्ती भी स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आने वाले हैं.

किंग
शाहरुख खान को साल 2018 के बाद 2023 में स्क्रीन पर देखा गया था. एक्टर ने करीब 5 साल बाद धमाकेदार कमबैक किया था. 2023 में उन्होंने तीन हिट फिल्में ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘डंकी’ दी थी. शाहरुख खान की इन तीन फिल्मों से बॉलीवुड ने करीब 2500 करोड़ का बिजनेस किया था. ऐसे में अब 3 साल के बाद अभिनेता एक बार फिर से पर्दे पर वापसी करते हुए नजर आने वाले हैं. वो फिल्म ‘किंग’ को लेकर चर्चा में हैं, जिसे साल के आखिरी में क्रिसमस के मौके पर रिलीज किया जाएगा. इस फिल्म के जरिए वो एक बार फिर से दीपिका पादुकोण के साथ स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आने वाले हैं. फैंस को उनकी इस रिलीज का बेसब्री से इंतजार है.
