

बॉलीवुड में कुछ गाने ऐसे हैं, जिनकी धुन सुनते ही पैर खुद-ब-खुद थिरकने लगते हैं. ऋतिक रोशन का ‘दिल ना दिया’ भी ऐसा ही गाना है, जो रिलीज के करीब दो दशक बाद भी पार्टी और डांस फ्लोर की रौनक बढ़ा देता है. फिल्म ‘कृष’ के इस गाने में ऋतिक के एनर्जेटिक डांस ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं. कुणाल गंजावाला की दमदार आवाज और जबरदस्त बीट्स ने इसे उस दौर का पॉपुलर पार्टी नंबर बना दिया था. लेकिन इस गाने से जुड़ी एक दिलचस्प बात शायद कम ही लोग जानते हैं. इसकी धुन एक मशहूर तुर्किश मिलिट्री मार्च से प्रेरित बताई जाती है.
2006 में रिलीज हुई थी ‘कृष’
‘दिल ना दिया’ साल 2006 में रिलीज हुई ऋतिक रोशन की सुपरहिट फिल्म ‘कृष’ का हिस्सा था. राकेश रोशन के निर्देशन में बनी इस साइंस फिक्शन एक्शन फिल्म में ऋतिक के साथ प्रियंका चोपड़ा और रेखा भी अहम भूमिकाओं में नजर आई थीं. फिल्म की कहानी के साथ-साथ इसके गाने भी दर्शकों को खूब पसंद आए थे. हालांकि, ‘दिल ना दिया’ ने अपनी तेज-तर्रार धुन और ऋतिक के डांस की वजह से अलग पहचान बनाई.
कुणाल गंजावाला की आवाज ने बनाया खास
इस गाने को अपनी आवाज कुणाल गंजावाला ने दी थी. इसके बोल विजय अकेला ने लिखे थे, जबकि संगीत राजेश रोशन ने तैयार किया था. गाने में ऋतिक रोशन के डांस मूव्स और एनर्जी ने इसे युवाओं के बीच खासा लोकप्रिय बना दिया था. रिलीज के बाद लंबे समय तक यह गाना पार्टियों और डांस फ्लोर पर सुनाई देता रहा.
तुर्किश मिलिट्री मार्च से है कनेक्शन
‘दिल ना दिया’ की सबसे दिलचस्प बात इसकी धुन को लेकर है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, गाने का म्यूजिक तुर्की के मशहूर मिलिट्री मार्च ‘Ceddin Deden’ से प्रेरित था. यह धुन तुर्की के पुराने सैन्य संगीत से जुड़ी हुई है. इसके इतिहास को लेकर अलग-अलग जानकारियां मिलती हैं. कुछ स्रोत इसकी जड़ें 17वीं सदी तक बताते हैं, जबकि मौजूदा रूप में इसे 20वीं सदी की शुरुआत से जोड़ा जाता है. यानी करीब दो दशक पहले बॉलीवुड में धूम मचाने वाला ऋतिक का यह पार्टी सॉन्ग दरअसल एक बेहद पुरानी तुर्किश संगीत परंपरा से जुड़ा हुआ है.
बॉक्स ऑफिस पर भी खूब चला था ‘कृष’
‘दिल ना दिया’ की लोकप्रियता के साथ ‘कृष’ ने भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था. फिल्म में सुपरहीरो के अंदाज में ऋतिक रोशन को दर्शकों ने खूब पसंद किया. फिल्म की सफलता ने इसे 2000 के दशक की यादगार फिल्मों में शामिल कर दिया. वहीं, ‘दिल ना दिया’ आज भी ऋतिक के सबसे पॉपुलर डांस नंबर्स में गिना जाता है.





