

अगर आपको लगता है कि रुमाली रोटी सिर्फ रेस्टोरेंट में ही अच्छी मिल सकती है, तो ये रेसिपी आपकी सोच बदल सकती है. सही आटा गूंधने की टेक्नीक और कुछ आसान किचन टिप्स की मदद से आप घर पर भी बिल्कुल पतली, सॉफ्ट और होटल जैसी रुमाली रोटी बना सकते हैं. अच्छी बात ये है कि इसके लिए किसी खास तरह के बर्तन की जरूरत नहीं है. आप घर पर ही तव पर इस रुमाली रोटी को बना सकते हैं. यूट्यूब पर Khana Manpasand नाम के चैनल पर एक फूड क्रिएटर ने इस रेसिपी को शेयर की है. यहां हम जानेंगे घर पर होटल जैसी सॉफ्ट और मुलायम रुमाली रोटी कैसे बनाएं?
वीडियो में रेसिपी देखें-
रुमाली रोटी को सॉफ्ट बनाने का पहला राज
रुमाली रोटी बनाने के लिए सबसे पहले 3 कप मैदा लें. इसमें आधा छोटा चम्मच नमक और 1 छोटा चम्मच तेल डालें. इसके बाद 1 कप दूध और आधा कप पानी मिलाकर धीरे-धीरे आटा गूंध लें. फूड क्रिएटर ने बताया कि दूध का इस्तेमाल करने से रोटी का रंग सफेद रहता है और रोटियां ज्यादा मुलायम बनती हैं. वहीं थोड़ा पानी मिलाने से आटा भारी नहीं होता और बेलने में आसानी रहती है.
अच्छी रुमाली रोटी के लिए जरूरी है सही गूंधाई
इस रेसिपी की सबसे अहम बात है आटे को अच्छी तरह गूंधना. आटे को कम से कम 5 से 7 मिनट तक हथेली से मसल-मसलकर गूंधें. इसके बाद ऊपर से थोड़ा तेल लगाकर 15 से 20 मिनट के लिए गीले कपड़े से ढककर रख दें. आराम करने के बाद आटा और ज्यादा सॉफ्ट हो जाता है. अब इसे दोबारा 2 से 3 मिनट तक गूंधें. यही प्रक्रिया रुमाली रोटी को मुलायम और लचीला बनाती है.
इस ट्रिक से बनेगी बेहद पतली रोटी
आटे की मध्यम आकार की लोइयां बना लें. अब दो लोइयों को अलग-अलग हल्का बेलें. दोनों पर थोड़ा तेल लगाएं और ऊपर से मैदा छिड़क दें. इसके बाद दोनों को एक-दूसरे के ऊपर रखकर एक साथ बड़ी और पतली बेल लें. ये ट्रिक रोटी को चिपकने से बचाती है और बाद में दोनों परतें आसानी से अलग हो जाती हैं.
तवे पर ऐसे सेकें
तवा अच्छी तरह गर्म कर लें. अब बेली हुई रोटी को तवे पर डालें. हल्के बुलबुले दिखाई देने लगें तो पलट दें. दूसरी तरफ से भी हल्का सेकें. जैसे ही रोटी फूलने लगे, उसे उतार लें. अब दोनों परतों को आराम से अलग कर लें. आपको बाजार जैसी दो पतली और पारदर्शी रुमाली रोटियां मिल जाएंगी.
रोटी को सॉफ्ट रखने का तरीका
तैयार रोटियों को रुमाल की तरह मोड़कर हॉट केस या कपड़े में लपेटकर रखें. इससे रोटियां सूखेंगी नहीं और लंबे समय तक नरम बनी रहेंगी.
ये भी पढ़ें – Chilli Garlic Roomali Roti: शेफ सारांश गोइला ने बनाई चिली गार्लिक के फ्लेवर वाली रुमाली रोटी, देखते ही मुंह में आ जाएगा पानी





