
हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के ऑपरेशन सिंदूर, भारतीय सेना और राफेल सौदे को लेकर तपोवन में चल रहे विधानसभा शीतकालीन सत्र के दौरान दिए गए बयान पर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है. शुक्रवार को विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले बीजेपी विधायकों ने मंत्री के विरोध में हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की. विपक्ष ने जगत सिंह नेगी के इस्तीफे की मांग उठाते हुए मुख्यमंत्री से उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग उठाई.
अब तक टिप्पणी को कार्यवाही से नहीं हटाया गया
नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री ने भारतीय सेना, सेना के जवानों और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सदन में दुर्भाग्यपूर्ण टिप्पणियां की हैं. उनके अनुसार, मंत्री की इन टिप्पणियों पर देशभर के सैन्यकर्मियों और अधिकारियों में नाराजगी है.
जय राम ठाकुर ने कहा कि इससे पहले विधानसभा में भी इस मामले को उठाया गया था. उस समय विधानसभा अध्यक्ष की अनुपस्थिति में सभापति के समक्ष मंत्री की विवादित टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से हटाने की मांग की गई थी. सभापति ने रिकॉर्ड देखने के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन विपक्ष का आरोप है कि अब तक टिप्पणी को कार्यवाही से नहीं हटाया गया है और मंत्री ने माफी भी नहीं मांगी है.
हिमाचलः HC ने सोलन में धारा 118 की अनुमति पर लगाई अंतरिम रोक, 3 बिल्डरों पर कार्रवाई के निर्देश
सीएम से मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री पर मंत्री को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब केवल विवादित शब्दों को सदन की कार्यवाही से हटाना पर्याप्त नहीं है. मुख्यमंत्री को जगत सिंह नेगी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री बार-बार सेना, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर विवादित टिप्पणियां कर रहे हैं. विपक्ष ने इसे गंभीर मामला बताते हुए मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई.