खबर

सीतापुर में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग, IPS ट्रेनी के पिता पर आरोप | Firing over land dispute in Sitapur trainee IPS officer father accused



एक महिला ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के एक प्रशिक्षु अधिकारी के पिता पर सीतापुर जिले के महोली इलाके में एक विवादित भूखंड पर कब्जा करने की कोशिश में उसके घर पर गोलीबारी करवाने का आरोप लगाया है. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी.

शिकायतकर्ता शोभना शुक्ला के अनुसार, उन्होंने 2018 में अधौरी बाईपास पर लगभग 1.5 करोड़ रुपये में एक भूखंड खरीदा था और उसके एक हिस्से पर बने मकान में अपने परिवार के साथ रह रही हैं. उन्होंने दावा किया कि जमीन का बाकी हिस्सा भी उनके कब्जे में है.

शुक्ला ने आरोप लगाया कि एक प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी के पिता विपिन बाजपेयी भी 2022 में पंजीकृत कराए बिक्री विलेख के जरिए इस भूखंड पर अपना दावा जता रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस संपत्ति को लेकर तब से विवाद है.

शुक्ला ने दावा किया कि लगभग दो महीने पहले, महोली तहसील अधिकारियों का फैसला उनके पक्ष में आया था. उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद दूसरे पक्ष के लोग जमीन पर कब्जा करने की कोशिश करते रहे.

शुक्ला ने दावा किया कि रविवार को लगभग 24-25 लोग एक गाड़ी में उनके घर आए और कथित तौर पर उनके साथ बदसलूकी करने के बाद गोलीबारी की.

मीडिया में प्रसारित हुए एक वीडियो में शोभना शुक्ला ने आरोप लगाया कि विपिन बाजपेयी ने ही गोलीबारी की पूरी घटना की साजिश रची. उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों के उस समूह को उन्हें डराने-धमकाने और विवादित जमीन पर कब्जा करने की कोशिश में मदद करने के लिए भेजा गया था.

महोली के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) नागेंद्र चौबे ने बताया कि गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए. पूछताछ के लिए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया.

चौबे ने कहा, ‘‘महिला ने लिखित शिकायत दी है. मामला दर्ज किया जाएगा. पुलिस ने मौके से खाली कारतूस बरामद किए हैं. गोलीबारी समेत सभी आरोपों की जांच की जा रही है.”

उन्होंने कहा कि यह मामला दो पक्षों के बीच जमीन के विवाद से जुड़ा है और संपत्ति से जुड़े मामले पहले ही अदालत में दायर किए जा चुके हैं.

सीओ ने कहा, ‘‘महोली थाने के प्रभारी सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रहे हैं. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.”





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button