
मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. जिले के मकरोनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गायत्री नगर में मंगलवार सुबह एक 65 वर्षीय रिटायर्ड पुलिसकर्मी ससुर ने अपनी 36 वर्षीय बहू की कथित तौर पर मारपीट कर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी ससुर को हिरासत में ले लिया है.
मकरोनिया थाना प्रभारी नितिन पाल ने बताया कि मंगलवार (04 अगस्त) सुबह घर से चीखने-चिल्लाने की तेज आवाजें आ रही थीं. आवाजें सुनकर पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी. जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तो आरोपी ससुर घर में ही मौजूद मिला और वह भी घायल अवस्था में था. शुरुआती जांच में मृतका सविता दीक्षित (36 वर्ष) के शरीर पर 7 से 8 गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं. पुलिस ने घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए हैं.
पति BSF में है पदस्थ
मृतका का पति देवेश दीक्षित सीमा सुरक्षा बल (BSF) में जवान है और वर्तमान में पश्चिम बंगाल में तैनात है. घटना की मनहूस खबर उसे दे दी गई है. इसके अलावा, आरोपी ससुर रामनरेश दीक्षित का दूसरा बेटा भी पुलिस विभाग में ही कार्यरत है.
दतिया उपचुनाव में हार के बाद BJP का बड़ा फैसला, इन पर चलेगा हंटर!
आरोपी ससुर का दावा- ‘बचाव में की मारपीट’
पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी ससुर रामनरेश दीक्षित ने चौंकाने वाले दावे किए हैं. आरोपी के मुताबिक, मंगलवार (04 अगस्त) सुबह बहू ने घर के मंदिर और कुर्सियों में तोड़फोड़ की थी. आरोपी ने बताया कि बड़ी बेटी को स्कूल छोड़ने के बाद जब वह लौटी, तो उसने छोटी बच्ची को उठाकर पटक दिया और ससुर पर चाकू से हमला कर दिया. रामनरेश का दावा है कि अपना बचाव करते हुए उसने बहू से चाकू छीना और उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ससुर के दावों की सत्यता की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सटीक वजह और घटना के सही तथ्यों का पता चल सकेगा. फिलहाल, पुलिस मौके से मिले साक्ष्यों और आरोपी के बयानों के आधार पर मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है.
Xप्लेन: दतिया में हार की वजह नरोत्तम मिश्रा हुए तो क्या बीजेपी देगी राजेंद्र भारती जैसी सजा?