
Shardiya Navratri 2026: देवी के भक्तों का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है, इस बार शारदीय नवरात्रि बहुत खास रहेगी क्योंकि 2026 में शारदीय नवरात्रि 9 नहीं बल्कि 10 दिन की होगी. माता की पूजा के लिए 10 दिन बहुत महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं.
इस बार नवरात्रि के क्रम में एक तिथि की पुनरावृत्ति हो रही है. इसे तिथि वृद्धि कहा जाता है. इसी वजह से इस बार नवरात्रि 10 दिन तक चलने वाली है. कौन सी तिथि दो दिन तक रहेगी जान लें.
इस बार 10 दिन की क्यों है नवरात्रि?
सामान्य तौर पर प्रतिपदा से नवमी तक नवरात्रि नौ दिनों की होती है लेकिन 2026 में पंचांग की तिथियों में विशेष स्थिति बन रही है. सप्तमी तिथि दो दिन यानी 17 और 18 अक्टूबर को पड़ रही है. इसके चलते नवरात्रि का एक दिन बढ़ गया है और ये पर्व 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक चलेगा.
शारदीय नवरात्रि 10 या 11 अक्टूबर से
पंचांग की गणना के अनुसार आश्विन शुक्ल प्रतिपदा तिथि 10 अक्तूबर की रात लगभग 9 बजकर 18 मिनट पर शुरू होगी और 11 अक्तूबर की रात 9 बजकर 31 मिनट तक रहेगी. हिंदू परंपरा में उदया तिथि को मान्यता दी जाती है, यानी जिस तिथि में सूर्योदय होता है वही पूरे दिन मान्य मानी जाती है। इसी कारण नवरात्रि का पहला दिन 11 अक्तूबर को होगा. इसके बाद अगले नौ दिनों तक मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की क्रमवार पूजा की जाएगी.
11 अक्टूबर को घटस्थापना
पंचांग के अनुसार 2026 में शारदीय नवरात्रि की शुरुआत रविवार, 11 अक्टूबर से होगी. इसी दिन प्रतिपदा तिथि पर घटस्थापना और मां शैलपुत्री की पूजा की जाएगी. प्रतिपदा तिथि 10 अक्टूबर की रात 9:19 बजे शुरू होकर 11 अक्टूबर की रात 9:30 बजे तक रहेगी.
दिल्ली के लिए घटस्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 6:19 बजे से 10:12 बजे तक रहेगा. इसकी अवधि करीब 3 घंटे 52 मिनट है. इसके अलावा अभिजीत मुहूर्त में घटस्थापना का समय सुबह 11:44 बजे से दोपहर 12:31 बजे तक रहेगा.
नवरात्रि की दुर्गा अष्टमी कब है?
इस बार दुर्गा अष्टमी 18 अक्टूबर रविवार को मनाई जाएगी. इसी दिन मां महागौरी की पूजा का विधान रहेगा. अष्टमी के दिन कन्या पूजन, हवन और देवी आराधना का विशेष महत्व माना जाता है. पंचांग के अनुसार अष्टमी तिथि 18 अक्टूबर को सुबह करीब 8.27 बजे शुरू होगी और अगले दिन 19 अक्टूबर दोपहर करीब 10.51 बजे तक रहेगी.
नवमी और दशहरा कब होगा?
महानवमी 19 अक्टूबर मंगलवार को होगी. इसी दिन नवमी हवन, आयुध पूजा और नवरात्रि पारण से जुड़े अनुष्ठान किए जाएंगे. पंचांग के अनुसार नवमी तिथि 20 अक्टूबर को दोपहर 12.50 तक रहेगी. इसी दिन विजयादशमी और दुर्गा विसर्जन भी रहेगा.
10 दिन की नवरात्रि समृद्धि का प्रतीक
ज्योतिषाचार्य अनीष व्यास के अनुसार जब शारदीय नवरात्रि तिथि वृद्धि के कारण 10 दिन की हो तो उसे समृद्धि और शुभता का प्रतीक माना जाता है. नवरात्रि में एक अतिरिक्त दिन मिलने का अर्थ देवी आराधना, जप, पाठ और साधना के लिए एक दिन अतिरिक्त अवसर मिलना है.
Shardiya Navratri 2026: मां दुर्गा इस बार हाथी पर आएंगी, लेकिन उनकी विदाई किस सवारी पर होगी?
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.
