

बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर गुरुदेवश्री राकेशजी के सेवा कार्यों से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने श्रीमद राजचंद्र मिशन धरमपुर (SRMD) की मानवीय सेवा शाखा श्रीमद राजचंद्र लव एंड केयर (SRLC) को दान दिया है. रणबीर कपूर 25 और 26 सितंबर को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित पूज्य गुरुदेवश्री राकेशजी के 60वें जन्मोत्सव समारोह ‘अहो गुरुदेव’ में शामिल हुए थे. इस दौरान उन्होंने मानवता की सेवा और जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के मिशन के प्रयासों की खुलकर सराहना की.
समारोह में रणबीर कपूर ने कहा कि देश के सबसे दूरदराज के इलाकों तक विशेषज्ञ डॉक्टरों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना, लोगों का उपचार करना और उनके जीवन को बेहतर बनाना ही सच्ची आध्यात्मिकता है.
सेवा कार्यों को बताया सच्ची आध्यात्मिकता
गुरुदेवश्री राकेशजी से अपनी पहली मुलाकात का अनुभव साझा करते हुए रणबीर कपूर ने कहा कि समारोह में पहुंचने के बाद उन्होंने जिस सामूहिक आनंद, प्रसन्नता और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया, उसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी. उन्होंने कहा, “मैं वास्तव में नि:शब्द हूं. इस सभागार में आकर और यहां सामूहिक आनंद एवं प्रसन्नता की ऊर्जा को महसूस करके मैं अभिभूत हूं.”
रणबीर कपूर ने बताया कि उन्हें पिछले वर्ष मिशन के ग्लोबल यूथ फेस्टिवल में शामिल होने का निमंत्रण मिला था, लेकिन पूर्व निर्धारित प्रतिबद्धताओं के कारण वह इसमें शामिल नहीं हो सके थे. उन्होंने गुरुदेवश्री के 60वें जन्मोत्सव समारोह का हिस्सा बनने को अपने लिए सम्मान की बात बताया.
मानवता के उत्थान और निस्वार्थ सेवा के लिए गुरुदेवश्री के योगदान की सराहना करते हुए रणबीर कपूर ने उनके लिए प्रेम, हंसी और खुशियों से भरे जीवन की कामना की. इसी सेवा भावना से प्रभावित होकर उन्होंने श्रीमद राजचंद्र लव एंड केयर को दान दिया.
युवाओं को आध्यात्मिकता से जोड़ने के प्रयासों से भी प्रभावित
रणबीर कपूर ने पूज्य गुरुदेवश्री राकेशजी को युवाओं को प्रेरित करने वाला व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में युवाओं को आध्यात्मिकता के मार्ग पर आगे बढ़ते देखना वास्तव में प्रेरणादायक है. अभिनेता ने अपने व्यक्तिगत जीवन का उल्लेख करते हुए बताया कि लगभग चार वर्ष पहले पहली बार पिता बनना और फिल्म ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका निभाने का अवसर मिलना उनके लिए विशेष अनुभव रहे हैं.
उन्होंने इन दोनों अनुभवों को ईश्वर की ओर से मिला उपहार बताया और कहा कि इनसे उन्हें अपनी आध्यात्मिकता तथा भारत की आध्यात्मिक परंपराओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिली. रणबीर कपूर ने कहा कि गुरुदेवश्री से परिचित होने के बाद उन्हें विश्वास है कि वह अपने आध्यात्मिक लक्ष्य के और करीब पहुंचेंगे. उन्होंने धरमपुर स्थित आश्रम जाने की इच्छा भी व्यक्त की.





