

महाराष्ट्र की राजनीति में कब क्या हो जाए, इसका अंदाजा लगाना हमेशा से मुश्किल रहा है. एक बार फिर राज्य के सियासी गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म हो गया है. इसकी वजह एक खास तस्वीर बनी है. इसमें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और एनसीपी शरद पवार गुट के वरिष्ठ नेता और विधायक जयंत पाटिल एक ही फ्लाइट में साथ नजर आ रहे हैं.
विपक्ष और सत्ता पक्ष के इन दिग्गज नेताओं का अचानक इस तरह एक साथ हवाई सफर करना महज एक इत्तेफाक है या किसी नई राजनीतिक पटकथा की शुरुआत? इस सवाल ने राज्य के राजनीतिक पंडितों को सोचने पर मजबूर कर दिया है.
मुंबई से कोल्हापुर का सफर
मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कोल्हापुर और सांगली जिले के आधिकारिक दौरे पर निकले थे. वहीं, एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के दिग्गज नेता जयंत पाटिल भी अपने विधानसभा क्षेत्र ईश्वरपुर (सांगली) जाने के लिए उसी विमान में मौजूद थे. विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर भी इस सफर में उनके साथ दिखे.
भले ही नेताओं का एक ही फ्लाइट में होना प्रशासनिक या व्यक्तिगत यात्रा का हिस्सा बताया जा रहा हो, लेकिन महाराष्ट्र के मौजूदा राजनीतिक माहौल को देखते हुए इस तस्वीर के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं.
कल प्रधानमंत्री मोदी से मिलेंगे पवार गुट के 8 सांसद
यह तस्वीर ऐसे समय में सामने आई है जब शरद पवार गुट और एनडीए (NDA) के बीच कथित नजदीकियों की खबरें पहले से ही चर्चा में हैं. इसी बीच, एनसीपी (एसपी) की वरिष्ठ नेता और सांसद सुप्रिया सुले ने बड़ा बयान देकर सस्पेंस और बढ़ा दिया है.
सुप्रिया सुले के मुताबिक, सोमवार को शरद पवार गुट के 8 सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने वाले हैं. हालांकि, उन्होंने इस मुलाकात पर उठ रहे सियासी सवालों पर विराम लगाने की कोशिश करते हुए कहा, “इस मुलाकात में कोई राजनीतिक गुणा-गणित नहीं है, इसमें सिर्फ और सिर्फ महाराष्ट्र के विकास और जनहित के मुद्दों पर बात होगी.”
क्या पक रही है नई सियासी खिचड़ी?
सुप्रिया सुले के स्पष्टीकरण के बावजूद, जिस तरह से एक तरफ सांसदों की प्रधानमंत्री से मुलाकात तय हुई है और दूसरी तरफ देवेंद्र फडणवीस के साथ जयंत पाटिल का सफर सामने आया है, उसने एनडीए और शरद पवार गुट के बीच नजदीकियों की चर्चाओं को हवा दे दी है.
महाराष्ट्र का इतिहास गवाह है कि जब-जब नेताओं की ऐसी ‘अचानक’ मुलाकातें या तस्वीरें सामने आती हैं, उनके दूरगामी राजनीतिक असर देखने को मिलते हैं.
पीएम मोदी से मुलाकात को लेकर महाराष्ट्र के नेता क्या कह रहे हैं?
बीजेपी नेता आशीष शेलार ने पीएम मोदी के साथ एनसीपी नेताओं की मुलाकात को लेकर कहा, “संवाद लोकतंत्र की आत्मा है.”
वहीं एनसीपी के सीनियर नेता छगन भुजबल ने कहा, “सुप्रिया सुले अपनी कुछ मांगों को लेकर प्रधानमंत्री से मिलने वाली हैं तो यह अच्छी बात है. भुजबल ने मुलाकात के पीछे किसी राजनीतिक रणनीति की जानकारी से इनकार किया.”
एनसीपी एसपी के नेता रोहित पवार ने कहा, “एनसीपी (शरद पवार) के सांसद अपने निर्वाचन क्षेत्रों के कामों के लिए पीएम मोदी से मिलेंगे.” रोहित ने साथ ही स्पष्ट किया कि परिसीमन के मुद्दे पर पार्टी के सभी सांसद विरोध में मतदान करेंगे. उन्होंने कहा कि मतदान के दिन ही स्पष्ट होगा कि कौन-सा दल किसके साथ खड़ा है.
वहीं कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने शरद पवार, सुनील तटकरे, सुप्रिया सुले और प्रफुल्ल पटेल की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकातों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अंदर कुछ न कुछ पक रहा है. उन्होंने आशंका जताई कि इसके पीछे लोकसभा परिसीमन को लेकर कोई रणनीति हो सकती है.
यह भी पढ़ें: पत्थर फेंके, गाड़ी पर कीचड़ पोता, चोर-चोर के लगाए नारे… ममता बनर्जी का आरोप- माथा फट जाता





