

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले के वैजापुर में खाद्य सुरक्षा को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है. यहां एक पान की टपरी से खरीदा गया ‘खट्टा-मीठा चिवड़ा’ खाने के बाद दो साल के एक बच्चे की तबीयत बिगड़ गई. बच्चे को चक्कर आने लगे और हालत खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी फैल गई.
शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे FDA अधिकारी
स्थानीय लोगों ने मामले की शिकायत खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) से की. शिकायत मिलने के बाद विभाग के अधिकारी जांच के लिए मौके पर पहुंचे. लोगों का आरोप है कि जांच शुरू होने से पहले ही वह खराब चिवड़ा हटा दिया गया था. हालांकि जांच के दौरान दुकान से एक्सपायरी डेट वाले बिस्किट के कई पैकेट बरामद किए गए.
रिश्वत लेकर कार्रवाई न करने का आरोप
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि FDA अधिकारी ने एक्सपायरी बिस्किट तो जब्त कर लिए, लेकिन दुकानदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की. लोगों का कहना है कि अधिकारी ने रिश्वत लेकर मामले को दबाने की कोशिश की. इसी आरोप के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा.
भीड़ ने किया हंगामा
गुस्साए लोगों ने FDA अधिकारी को घेर लिया और कथित तौर पर कहा, “खुद खाकर देखो.” इसके बाद लोगों ने अधिकारी के मुंह में जबरन एक्सपायरी डेट वाला बिस्किट डाल दिया. इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
घटना के बाद खाद्य सुरक्षा व्यवस्था और जांच प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. एक तरफ बच्चे की तबीयत बिगड़ने का मामला है, वहीं दूसरी ओर सरकारी अधिकारी पर कार्रवाई में लापरवाही और रिश्वत लेने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं.
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में ब्रेक फेल होते ही पलटी यात्रियों से भरी बस, दो लोगों के मौत की आशंका





