खबर

मंत्री संजय सिरसाट के घर रात में पथराव, पुलिस कमिश्नर, डीसीपी को फोन लगाते रहे, किसी ने नहीं उठाया | stone pelting on maharashtra minister sanjay shirsat house he take on police



मुंबई:

महाराष्ट्र के सामाजिक न्याय मंत्री और छत्रपति संभाजीनगर के गॉर्डियन मिनिस्टर संजय शिरसाट के आवास पर गुरुवार आधी रात को अज्ञात हमलावरों द्वारा पथराव करने की घटना सामने आई है. पुलिस के शीर्ष अधिकारियों की लापरवाही पर मंत्री संजय शिरसाट ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है. उन्होंने पुलिस पर बरसते हुए आरोप लगाया कि वो पुलिस कमिश्नर को फोन लगाते रह गए लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया. 

रात में मंत्री के घर पर पथराव 

खबरों के अनुसार, यह घटना गुरुवार रात करीब 12:30 बजे की है. मंत्री संजय शिरसाट के गोलवाड़ी इलाके में स्थित आवास के बाहर तीन युवकों ने अचानक आकर हंगामा शुरू कर दिया. हमलावरों ने मंत्री के घर को निशाना बनाते हुए पत्थर और कांच की खाली बोतलें फेंकी. वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभाला. बताया जा रहा है कि इन संदिग्‍धों को पकड़ने की कोशिश के दौरान हुए संघर्ष में दो पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल भी हुए हैं. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों हमलावरों को मौके से हिरासत में ले लिया.

पुलिस कमिश्नर का बंद था फोन

हमले की घटना से ज्यादा मंत्री शिरसाट स्थानीय पुलिस प्रशासन के रवैये से नाराज दिखे. घटना के तुरंत बाद जब उन्होंने शहर के पुलिस कमिश्नर से संपर्क करने की कोशिश की, तो उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा था. नाराजगी इस बात की थी की राज्य के कैबिनेट मंत्री के घर पर आधी रात को हमला होने के बावजूद एक भी डीसीपी या एसीपी स्तर का वरिष्ठ अधिकारी मौके पर स्थिति का जायजा लेने नहीं पहुंचा.

पुलिस पर भड़के मंत्री 

इसपर संजय शिरसाट भड़क गए. उन्होंने कहा कि शहर के पालकमंत्री के घर पर हमला हो रहा है, पुलिस कमिश्नर का फोन बंद है और कोई भी डीसीपी या एसीपी घटनास्थल पर पहुंचने की जहमत नहीं उठा रहा है. कम से कम इतनी बड़ी घटना की गंभीरता तो समझनी चाहिए थी. उनका यह गुस्सा इस बात को लेकर भी था कि अगर वीआईपी सुरक्षा का यह हाल है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा भगवान भरोसे है.

डीजीपी ने लिया मामले का संज्ञान 

मामले की गूंज राज्य के पुलिस मुख्यालय तक पहुंची. खुद महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक ने इस घटना का संज्ञान लिया. डीजीपी ने रात में ही पालकमंत्री संजय शिरसाट से फोन पर बात की और उन्हें आश्वस्त किया कि इस मामले की गहन जांच की जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी.

तीन आरोपियों के खिलाफ मामला 

फिलहाल पुलिस ने हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उन्होंने यह हमला किसी के इशारे पर किया था या इसके पीछे कोई और मंशा थी.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button