

बांग्लादेश में नई सरकार बन चुकी है. तारिक रहमान प्रधानमंत्री बन चुके हैं. मगर, शेख हसीना अब भी उन्हें टेंशन दे रही हैं. बांग्लादेश लगातार भारत से शेख हसीना को सौंपने की मांग कर रहा था, मगर अब जब खुद शेख हसीना ने घोषणा कर दी है कि वो अगले महीने बांग्लादेश लौटेंगी तो वहां की सरकार टेंशन में है. अंदरूनी इलाकों में तो चौकसी बढ़ाई ही गई है, भारत-बांग्लादेश सीमा पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है.
सुरक्षा अधिकारियों को आशंका है कि इस समय भारत में रह रहे अवामी लीग के कई नेता और कार्यकर्ता, शेख हसीना की वापसी से पहले या उनके लौटने के आसपास बांग्लादेश में प्रवेश करने की कोशिश कर सकते हैं, जिससे वहां कानून-व्यवस्था की स्थिति और बिगड़ सकती है. सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखने और संभावित अशांति से निपटने के लिए ढाका, नारायणगंज, गाजीपुर, गोपालगंज, मयमनसिंह, फरीदपुर और कॉक्स बाजार में BGB के जवानों की कुल 90 प्लाटून तैनात की गई हैं.
BGB ने सीमाओं पर जनशक्ति, खुफिया निगरानी, विशेष गश्त और जांच चौकियों की संख्या बढ़ा दी है. नाइट-विज़न डिवाइस, थर्मल कैमरे, ड्रोन और अन्य निगरानी तकनीकों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, साथ ही संवेदनशील इलाकों में रोशनी की व्यवस्था की गई है. BGB मुख्यालय में निदेशक (ऑपरेशंस) लेफ्टिनेंट कर्नल मोहम्मद महबूब मुर्शेद रहमान ने शनिवार को ‘ढाका ट्रिब्यून’ को बताया कि सभी सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी गई है. उन्होंने कहा कि भारत से बांग्लादेश में लोगों को तय कानूनी प्रक्रिया के बाहर भेजने की किसी भी कोशिश का कड़ा विरोध किया जाएगा. उन्होंने आगे कहा कि प्रवेश हमेशा आव्रजन (इमिग्रेशन) प्रक्रिया के जरिए और जरूरी दस्तावेजों के साथ ही होना चाहिए. जहां लागू हो, वहां दोनों देशों की पुलिस की मौजूदगी में औपचारिक रूप से लोगों को सौंपने की प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए.
स्थानीय स्तर पर भी सतर्कता बढ़ी
जेस्सोर सीमा क्षेत्र में, BGB ने अवैध रूप से सीमा पार करने वालों को रोकने के लिए स्थानीय निवासियों और राजनीतिक नेताओं को भी शामिल किया है. जेस्सोर में BGB की 49वीं बटालियन के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल गुलाम मोहम्मद सैफुल आलम खान ने बताया कि अवैध प्रवेश के बारे में जानकारी देने वाले स्थानीय लोगों को इनाम दिया जाएगा, और उनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी. उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों और राजनीतिक प्रतिनिधियों की टीमें रात के समय कंटीले तारों वाली सीमा बाड़ के पास बने गेटों पर नजर रख रही हैं, जबकि BGB के जवान हथियारों के साथ गश्त कर रहे हैं. यह बटालियन 70 किलोमीटर लंबी सीमा की निगरानी करती है, जहां लगभग हर तीन किलोमीटर पर एक ‘बॉर्डर आउटपोस्ट’ (सीमा चौकी) मौजूद है.
- सतखिरा में, BGB की 33वीं बटालियन ने अपनी 54 किलोमीटर लंबी सीमा पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया है. बटालियन के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल काजी आशिकुर रहमान ने बताया कि यहां गश्त बढ़ा दी गई है, खुफिया जानकारी जुटाई जा रही है और अहम जगहों पर कड़ी जांच की जा रही है.
- सिलहट में, BGB पुलिस और खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है. 48वीं बटालियन के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल नूर उद्दीन अहमद ने बताया कि अवैध रूप से सीमा पार करने और तस्करी को रोकने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है और अतिरिक्त गश्त बढ़ाई गई है.
देश भर में हो रहे हमलों और तोड़फोड़ की घटनाओं के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, 7 से 18 नवंबर के बीच 78 जगहों पर देसी बम विस्फोट हुए और 74 वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया. पुलिस के ठिकानों और वाहनों को भी निशाना बनाया गया. पुलिस के मुताबिक, इन घटनाओं के संबंध में कुल 38 मामले दर्ज किए गए हैं और 63 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
यह भी पढ़ें | ‘हनु-मान 2’ से हुई तेजा सज्जा की छुट्टी, 295 करोड़ कमाने वाली फिल्म के सीक्वल में इस हीरो को मिला लीड रोल





