
IPS केके बिश्नोई (कृष्ण कुमार) इन दिनों सुर्खियों में हैं. इन्होंने 22 अगस्त 2026 को उत्तर प्रदेश के बिजनौर पुलिस अधीक्षक का पदभार संभाला है. वह संभल एसपी के पद से स्थानांतरित होकर बिजनौर आए हैं. संभल में माफिया को मिट्टी में मिलाने वाले सिंघम केके बिश्नोई की पूरी कहानी काफी रोचक है, जो राजस्थान में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर से शुरू होकर जनपद बिजनौर एसपी की कुर्सी तक पहुंचती है.
धौरीमन्ना में जन्म, आठवीं में रहे टॉपर
केके बिश्नोई का जन्म 1 जनवरी 1994 को धौरीमन्ना में हुआ. धौरीमन्ना भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास राजस्थान के बाड़मेर से अलग होकर बने नए जिले बालोतरा में स्थित है. केके बिश्नोई ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय 14 साल की उम्र में ही दे दिया था, जब वर्ष 2008 में उन्होंने कक्षा 8वीं में पूरे राजस्थान में पहला स्थान प्राप्त किया था. तभी से पूरे धौरीमन्ना में चर्चा होने लगी थी कि यह बच्चा एक दिन पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करेगा. हुआ भी ऐसा ही, उन्होंने बॉर्डर से बिजनौर जिला पुलिस कप्तान बनने तक का सफर तय कर लिया है.
यह भी पढ़ें- UP में 9 IPS के तबादले: संभल एसपी केके बिश्नोई अब बिजनौर पुलिस अधीक्षक, अविनाश पाण्डेय की लखनऊ में तैनाती

केके बिश्नोई के पिता सुजाना राम बिश्नोई और माता गंगा देवी किसान हैं.
किसान माता-पिता ने बेटे को खूब पढ़ाया
भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी केके बिश्नोई के पिता सुजाना राम बिश्नोई और माता गंगा देवी किसान हैं. किसान माता-पिता ने केके बिश्नोई को उनके भाई-बहनों की तरह पढ़ने-लिखने के भरपूर अवसर दिए. उन्होंने शुरुआती पढ़ाई धौरीमन्ना के स्थानीय स्कूल से पूरी की और उसके बाद दिल्ली का रुख किया. दिल्ली के प्रतिष्ठित सेंट स्टीफंस कॉलेज से राजनीति विज्ञान और अर्थशास्त्र में बीए तथा अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा में एमए किया. इनके पास चीनी अध्ययन में एमफिल की भी डिग्री है.
यह भी पढ़ें- IPS बीबीजीटीएस मूर्ति का पूरा नाम क्या है? मेरठ SSP ने NDTV से बताई नामकरण की रोचक कहानी

22 अगस्त 2026 को केके बिश्नोई ने बिजनौर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यभार ग्रहण कर लिया.
केके बिश्नोई की UPSC में AIR-174
केके बिश्नोई छह भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं और सभी बहन-भाई सरकारी नौकरी में हैं. इनके बड़े भाई भजनलाल RAS अधिकारी हैं, बहन रामकोरी जोधपुर में पटवारी, सरस्वती दिल्ली में नर्सिंग ऑफिसर, इंदु बाला स्त्री रोग विशेषज्ञ और मंजू बाला आयुर्वेदिक डॉक्टर हैं. केके बिश्नोई ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2017 में ऑल इंडिया स्तर पर 174वीं रैंक हासिल की और उत्तर प्रदेश कैडर में वर्ष 2018 बैच के IPS अधिकारी बने. केके बिश्नोई को UPSC में दूसरे प्रयास में सफलता मिली. यूपीएससी क्रैक करने से पहले उन्होंने विदेश मंत्रालय में चीन संबंधी मामलों के विशेषज्ञ के रूप में और संयुक्त राष्ट्र संघ में भी कार्य किया था.
UP में निशाने पर रहे माफिया
सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद से प्रशिक्षण पूरा करने के बाद IPS केके बिश्नोई को उत्तर प्रदेश कैडर में पोस्टिंग मिली. शुरुआत में मेरठ, गोरखपुर और मुजफ्फरनगर में तैनात रहे. इस दौरान उन्होंने बदन सिंह बद्दो, विनोद उपाध्याय, भूपेंद्र बाफर, योगेश भदौड़ा, सुशील मूंछ, संजीव जीवा और राजन तिवारी के खिलाफ कड़े एक्शन लिए. जब योगी आदित्यनाथ यूपी के सीएम बने थे, तब उन्होंने पूरे प्रदेश में 60 कुख्यात माफियाओं को चिह्नित किया था. उनमें से 7 बड़े माफिया और उनके अवैध साम्राज्य को IPS कृष्ण कुमार बिश्नोई ने ही मिट्टी में मिलाया.
यह भी पढ़ें- संभल से विदाई पर IPS केके बिश्नोई के छलके आंसू, पास बैठे DM अंकित खंडेलवाल भी हुए भावुक

ips kk bishnoi bijnor sp profile success story biography hindi
जब केके बिश्नोई संभल एसपी बने
योगी सरकार ने 10 सितंबर 2024 को केके बिश्नोई को संभल का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया था. बतौर एसपी यह उनकी पहली पोस्टिंग थी. वह संभल एसपी पद पर 20 अगस्त 2026 तक रहे. संभल में 1 साल, 11 महीने और 10 दिन की तैनाती रहे. 24 नवंबर 2024 को संभल जामा मस्जिद विवाद में अचानक भड़की हिंसा हो या सरकारी जमीनों पर कब्जा जमाए बैठे माफिया. हर बार बेहतरीन पुलिसिंग के दम पर न केवल संभल में उत्तर प्रदेश पुलिस का इकबाल बुलंद हुआ, बल्कि IPS केके बिश्नोई में आम जनता का विश्वास भी बढ़ा.
संभल में 100 करोड़ की सरकारी जमीन कराई खाली
दरअसल, संभल कोतवाली में 31 नामजद आरोपियों समेत कई अन्य के खिलाफ 100 करोड़ की सरकारी जमीन के घोटाले का मुकदमा दर्ज हुआ था. संभल-मुरादाबाद मार्ग पर स्थित इस बेशकीमती सरकारी जमीन को मुक्त करवाना आसान नहीं था, क्योंकि पूरे मामले की फाइलें कई सालों से सरकारी दफ्तरों में दबी पड़ी थीं. माफिया ने सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों से मिलीभगत करके जमीन के फर्जी कागजात तक बनवा लिए थे, रातों-रात चारदीवारी बना दी थी और फैक्ट्री लगा ली थी. संभल पुलिस और प्रशासन ने ताबड़तोड़ एक्शन लेकर इस पूरी सरकारी जमीन को माफिया से मुक्त करवाया.
यह भी पढ़ें- IAS अनु कुमारी ने ओणम पर त्रिवेंद्रम कलेक्ट्रेट में किया पारंपरिक डांस, UPSC में पाई थी AIR-2

केके बिश्नोई और अंशिका वर्मा ने 29 मार्च 2026 को शादी की थी.
संभल से विदाई पर भावुक हुईं पत्नी IPS अंशिका वर्मा
केके बिश्नोई की पत्नी अंशिका वर्मा भी उत्तर प्रदेश कैडर की IPS अधिकारी हैं. 2021 बैच की IPS अंशिका वर्मा वर्तमान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बरेली (दक्षिण) के पद पर सेवाएं दे रही हैं. केके बिश्नोई और अंशिका वर्मा ने 29 मार्च 2026 को शादी की थी. 22 अगस्त 2026 को जब पति केके बिश्नोई ने बिजनौर के लिए संभल से विदाई ली, तब पत्नी अंशिका वर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्हें नए पद की शुभकामनाएं दीं और लिखा-“प्राउड ऑन यू”
वहीं, विदाई समारोह में खुद केके बिश्नोई भी भावुक हो गए थे, जिन्हें संभल के DM अंकित खंडेलवाल ने संभाला. आखिरकार 22 अगस्त 2026 को केके बिश्नोई ने बिजनौर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यभार ग्रहण कर लिया.
यह भी पढ़ें- IPS अंशिका वर्मा का ससुराल ‘अफसरों की खान’, पति KK बिश्नोई के अलावा जेठ-4 ननदें भी अधिकारी
यह भी पढ़ें- IPS केके बिश्नोई संभल के ‘सिंघम’: 7 माफियाओं को किया ढेर, 800 करोड़ की संपत्ति सीज, पढ़ें पूरी कहानी





