खबर

बेंगलुरु में सरेआम खूनी खेल: हिस्ट्रीशीटर को बीच सड़क पर चाकुओं से गोदकर मार डाला, CCTV में कैद हुई वारदात | bengaluru jp nagar history sheeter raja murdered in broad daylight cctv footage gang war



कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के जेपी नगर इलाके में रविवार शाम को कानून-व्यवस्था को धता बताते हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम दिया गया. शहर के एक व्यस्त चौराहे (आईजी सर्कल) के पास हथियारबंद हमलावरों ने एक हिस्ट्रीशीटर को बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया. दिनदहाड़े हुई इस निर्मम हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. इस खौफनाक वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर पीड़ित पर ताबड़तोड़ वार करते नजर आ रहे हैं.

दौड़ते रहे राहगीर, तमाशबीन बने रहे लोग

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान राजा उर्फ ‘हलमुक राजा’ के रूप में हुई है, जो इलाके का पुराना अपराधी था. रविवार शाम को राजा जब जेपी नगर से गुजर रहा था, तभी एक पीले बोर्ड वाली (कमर्शियल) कार में सवार होकर आए बदमाशों ने उसका रास्ता रोक लिया. जान बचाने के लिए राजा वहां से भागा, लेकिन कार से उतरे तीन हमलावरों ने  धारदार हथियार लेकर उसका पीछा शुरू कर दिया.

सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि राजा जान बचाने के लिए बेतहाशा भाग रहा है, लेकिन हमलावर उसे दबोच लेते हैं. सड़क पर गिरने के बाद भी बदमाश उस पर रहम नहीं खाते और लगातार वार करते रहते हैं. सफेद और लाल शर्ट पहने दो हमलावर उसके सिर और सीने पर तब तक वार करते रहे, जब तक वह लहूलुहान होकर अचेत नहीं हो गया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी कार से मौके से फरार हो गए.

हैरानी की बात यह रही कि यह पूरी वारदात एक बेहद व्यस्त सड़क पर हुई, लेकिन खौफ के मारे कोई भी राहगीर राजा को बचाने नहीं आया. लोग अपनी गाड़ियां लेकर वहां से निकलते बने. बाद में राजा को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

गैंगवार और पुरानी रंजिश का शक

मामले की सूचना मिलते ही जेपी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस को अंदेशा है कि यह हत्या आपसी गैंगवार और एक दशक पुरानी रंजिश का नतीजा है. मारे गए राजा उर्फ हलमुक राजा के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और लूटपाट के कई आपराधिक मामले दर्ज थे.

जांचकर्ताओं का मानना है कि यह हत्या करीब 10 साल पहले हुई बनशंकरी के कुख्यात राउडी ‘स्टैंड कुट्टी’ उर्फ कुट्टी की हत्या का बदला हो सकती है. राजा उस हत्याकांड में मुख्य आरोपियों में से एक था. इसके अलावा, राजा का संबंध दक्षिण बेंगलुरु के नामी राउडी अरासय्या के सिंडिकेट से भी था और वह सुब्रमण्यापुरा डबल मर्डर केस में भी शामिल रहा था. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की सरगर्मी से तलाश कर रही है.

 यह भी पढ़ें- DSP की वाइफ ने फेसबुक पर लिखा- मां बीमार, बच्चों को इंतजार, नक्सल क्षेत्र से पति का हो ट्रांसफर, अब हुआ तबदला 

 यह भी पढ़ें- DSP की पत्नी की एक फेसबुक पोस्ट ने बदल दी जिंदगी, दिलचस्प है इनकी शादी की कहानी




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button