

एमपी के सिंगरौली में बीजेपी विधायक रामनिवास शाह से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में उनके सरकारी आवास के बाहर फायर ब्रिगेड की गाड़ी से एक इनोवा कार धोई जाती दिखाई दे रही है. वीडियो सामने आने के बाद सरकारी संसाधनों के निजी इस्तेमाल को लेकर सवाल उठने लगे हैं. विपक्ष ने मामले को मुद्दा बनाते हुए जवाब मांगा है, जबकि विधायक का कहना है कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है और इस संबंध में ड्राइवर से पूछा जाना चाहिए.
वायरल वीडियो से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, उर्जाधानी सिंगरौली जिले में सामने आए इस वीडियो में फायर ब्रिगेड के कर्मचारी एक इनोवा कार पर पानी डालते नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि यह वाहन बीजेपी विधायक रामनिवास शाह का है. वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने सरकारी मशीनरी के उपयोग को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए.
विपक्ष ने उठाए सवाल
वीडियो सामने आते ही विपक्ष ने सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा है. विपक्षी नेताओं का कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड के वाहन का इस्तेमाल निजी काम के लिए किया गया है तो यह गंभीर मामला है. उन्होंने पूछा है कि आखिर फायर ब्रिगेड की गाड़ी विधायक के आवास तक किस उद्देश्य से पहुंची थी और क्या सरकारी संसाधनों का उपयोग निजी सुविधा के लिए किया.
फायर ब्रिगेड से धुलवाई BJP विधायक की कार! वीडियो देख MLA बोले- मैं थोड़ी गाड़ी धोता हूं, ड्राइवर से पूछो#BJPMLA #Singrauli #madhyapradesh pic.twitter.com/Qq8Fc2gStJ
— NDTV MP Chhattisgarh (@NDTVMPCG) August 26, 2026
नगर निगम को नहीं थी जानकारी
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंगरौली नगर निगम की कमिश्नर सविता प्रधान ने कहा कि उन्हें इस घटनाक्रम की जानकारी नहीं है. वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद पूरे मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी चर्चा शुरू हो गई है. हालांकि अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक जांच या कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है.
विधायक बोले- मैं खुद गाड़ी नहीं धोता
विवाद बढ़ने पर विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि लोग यह समझें कि कोई विधायक खुद खड़े होकर गाड़ी नहीं धोता. उन्होंने आरोप लगाने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे लोग मुद्दाविहीन राजनीति कर रहे हैं. विधायक ने कहा कि वे उस समय विभिन्न सरकारी और सामाजिक कार्यक्रमों में व्यस्त थे और उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि वाहन कैसे और किसके द्वारा धुलवाया गया.
नगर निगम और ड्राइवर पर छोड़ा जवाब
विधायक ने कहा कि इस पूरे मामले की सही जानकारी नगर निगम के अधिकारियों या वाहन से जुड़े लोगों के पास होगी. उन्होंने कहा कि संभव है किसी तकनीकी या अन्य कारण से फायर ब्रिगेड का वाहन वहां पहुंचा हो. उनका यह भी कहना था कि यदि कोई चूक हुई है तो इसकी जानकारी संबंधित कर्मचारियों या ड्राइवर से ही मिल सकती है.
सवाल पूछने वालों को निशाना बनाया जा रहा: कांग्रेस
इस मामले को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी विधायक रामनिवास शाह पर निशाना साधा है.पार्टी ने विधायक के कथित बयान, “लोगों की हैसियत क्या है, जो ऐसे विषय उठा रहे हैं?” को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि यह जनता का अपमान है.कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीजेपी नेताओं का रवैया लगातार जनता के प्रति असम्मानजनक रहा है. पार्टी ने कहा कि सार्वजनिक संसाधनों के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाना जनता का अधिकार है और ऐसे सवालों का जवाब देने के बजाय आलोचकों पर हमला करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है.





