

नई दिल्ली:
सीबीआई के पूर्व चीफ एम. नागेश्वर राव की ‘सर्वजन सनातन पार्टी’ ने उत्तर प्रदेश के 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में उतरने का ऐलान कर दिया है. नागेश्वर राव ने चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं. इससे यूपी की राजनीति में कई नए समीरण बनते दिखेंगे. ‘सर्वजन सनातन पार्टी’ का यूपी चुनाव लड़ना अखिलेश यादव के लिए ये एक नई चुनौती से कम नहीं होगा.
हैदराबाद में रहने वाले सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी राव करीब एक महीने पहले काशी में गंगा के तट पर बतौर राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी में शामिल हुए थे. उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीट के लिए संभावित उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया के पहले चरण की शुरुआत कर रही है. राज्य में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं.
नागेश्वर राव ने ‘एक्स’ पर लिखा, “यह आवेदन केवल पहले चरण में प्रारंभिक छंटनी के लिए है. प्रारंभिक तौर पर उपयुक्त पाए जाने वाले आवेदकों से दूसरे चरण में विस्तृत जानकारी और जरूरी दस्तावेज मांगे जाएंगे.”
किसके मिलेगा ‘सर्वजन सनातन पार्टी’ का टिकट?
‘सर्वजन सनातन पार्टी’ की आवेदन आमंत्रित करने संबंधी सूचना में बताया गया कि उम्मीदवारों को सर्वजन सनातन पार्टी की विचारधारा, मूल उद्देश्यों और नीतियों में विश्वास होना चाहिए तथा उनके अनुरूप काम करने के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए. पार्टी में शामिल होने के लिए निर्धारित मानदंडों के अनुसार, आवेदक भारतीय नागरिक होने चाहिए, उनका नाम उत्तर प्रदेश के किसी भी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए और नामांकन पत्रों की जांच की तारीख तक उनकी उम्र कम से कम 25 वर्ष होनी चाहिए.
वोटों का बंटवारा होगा सबसे बड़ा असर
यूपी में चुनाव हमेशा जाति, धर्म और समीकरणों पर लड़ा जाता है. जब कोई नई पार्टी, खासकर सनातन और सर्वजन की विचारधारा वाली पार्टी मैदान में उतरती है, तो उसका सीधा असर वोटों के बंटवारे पर पड़ता है. सर्वजन यानी सब समाज को साथ लेकर चलने का दावा, और सनातन का मुद्दा- ये दोनों मिलकर बीजेपी के हिंदुत्व वाले वोटबैंक और सपा के PDA वाले वोटबैंक, दोनों में सेंध लगा सकते हैं. हालांकि, कुछ दिनों पहले ही बनी पार्टी पर यूपी के वोटर कितना विश्वास दिखा पाते हैं, ये भी देखना दिलचस्प होगा.
ये भी पढ़ें:- पहले मजबूत करेंगे कांग्रेस का ‘हाथ’, फिर लेंगे साइकिल का साथ; राहुल गांधी ने प्रियंका को दी यूपी की कमान
अखिलेश यादव के लिए नई चुनौती क्यों?
अखिलेश यादव अभी PDA- पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक फॉर्मूले पर चल रहे हैं. सर्वजन सनातन पार्टी का ‘सर्वजन’ वाला नारा इसी PDA को तोड़ने की कोशिश करेगा. अगर ये पार्टी ब्राह्मण, ठाकुर, पिछड़ा, दलित – सबको साथ लाने का मैसेज देती है, तो सपा के लिए अपने कोर वोट को बचाना मुश्किल हो सकता है. साथ ही, जो मतदाता सपा-बीजेपी दोनों से नाराज हैं, उनके लिए एक नया विकल्प बन जाएगा.
ये भी पढ़ें:- योगी ने SIR में हिंदुओं के नाम कटने की बात कही तो अखिलेश यादव बोले- आधार कार्ड से जुड़े वोटिंग





