खबर

पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आया हथियारों का जखीरा! तरणतारण में खेत से मिली 4 पिस्तौल, हेरोइन भी बरामद | Suspicious drone borne consignment from Pakistan recovered in Punjab Tarn Taran



पंजाब के तरणतारण जिले में भारत-पाक सीमा के पास एक बार फिर ड्रोन के जरिए सीमा पार से भेजी गई संदिग्ध खेप मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. खालड़ा सेक्टर के गांव कलसियां में किसान के खेत से मिले एक पीले पैकेट ने हथियारों और नशे की तस्करी के नेटवर्क को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. तरणतारण जिले के भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे खालड़ा सेक्टर के गांव कलसियां में बीएसएफ और पंजाब पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान ड्रोन के जरिए गिराई गई संदिग्ध खेप बरामद की है. बरामदगी के बाद इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है और इस पूरे मामले को सीमा पार से होने वाली तस्करी से जोड़कर देखा जा रहा है.

संदिग्ध गतिविधि की मिली थी सूचना

जानकारी के मुताबिक, बीएसएफ को इलाके में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस के साथ मिलकर गांव कलसियां के खेतों में तलाशी अभियान चलाया गया. तलाशी के दौरान एक पीले रंग का पैकेट बरामद हुआ, जिसे खोलने पर सुरक्षा एजेंसियां भी चौंक गईं.

पैकेट के भीतर से 4 पिस्तौल, 6 मैगजीन, 57 जिंदा कारतूस, 277 ग्राम हेरोइन और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद हुई. शुरुआती पड़ताल में आशंका जताई जा रही है कि यह खेप पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में गिराई गई थी, जिसे आगे किसी नेटवर्क तक पहुंचाया जाना था.

बीएसएफ की सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह खेप किसके लिए भेजी गई थी और इसके पीछे कौन सा तस्करी या अपराधी गिरोह सक्रिय है.

पिछले कुछ समय में ड्रोन के कई मामले

सीमा पर ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ भेजे जाने की घटनाएं पिछले कुछ समय में सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बनकर उभरी हैं. ऐसे मामलों में बरामद हथियारों और नशीले पदार्थों के जरिए सीमा पार बैठे तस्करों और उनके भारतीय संपर्कों तक पहुंचने की कोशिश की जाती है. फिलहाल पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं.

यह भी पढ़ें: चीन सीमा से सटे अरुणाचल के 40 गांवों में लोगों की घरवापसी, अमित शाह ने बताया कैसे बदले हालात





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button