खबर

अस्पताल बदला तो नहीं होंगे बार-बार टेस्ट! जानें 14 अंकों की ABHA ID कैसे करता है काम  | How to work Abha ID Cars in hospitals and treatment know ABHA ID Ayushman Bharat Digital Mission benefits



इलाज के दौरान अस्पताल बदलने पर मरीजों को अक्सर पुरानी मेडिकल रिपोर्ट, जांच और इलाज से जुड़े दस्तावेज दोबारा जुटाने पड़ते हैं. कई बार रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने के कारण जांच फिर से करानी पड़ती है. इस परेशानी को कम करने में केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन योजना के तहत बनाई गई आभा आईडी मददगार हो सकती है. इसके जरिए मरीज अपने डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड को अलग-अलग अस्पतालों और लैब से जोड़ सकता है. मरीज की सहमति मिलने पर ये रिकॉर्ड दूसरे अस्पताल के डॉक्टर भी देख सकते हैं. इससे बार-बार जांच कराने और पुराने दस्तावेज जुटाने की परेशानी कम हो सकती है.

ये है आभा आईडी

आभा यानी आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट 14 अंकों की एक विशिष्ट डिजिटल हेल्थ आईडी है. इसका उद्देश्य मरीज के मेडिकल रिकॉर्ड को अलग-अलग स्वास्थ्य संस्थानों के डिजिटल सिस्टम से जोड़ना है. इसके जरिए मरीज अपनी जांच रिपोर्ट, डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन, इलाज और अन्य डिजिटल मेडिकल रिकॉर्ड को एक जगह देखा और जरूरत के अनुसार साझा कर सकता है. हालांकि, केवल आभा आईडी बनवाने से मरीज की पूरी मेडिकल हिस्ट्री अपने आप इसमें दर्ज नहीं हो जाती. अस्पताल, लैब या अन्य स्वास्थ्य संस्थान की ओर से डिजिटल रूप में तैयार किए गए रिकॉर्ड को आभा आईडी से लिंक करना होता है.

 अस्पताल बदलने पर नए डॉक्टर के पास ऐसे पहुंचेगी

मान लीजिए किसी मरीज ने एक अस्पताल में इलाज कराया और बाद में वह दूसरे अस्पताल चला गया. अगर दोनों अस्पताल आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के नेटवर्क से जुड़े हैं और मरीज के पुराने मेडिकल रिकॉर्ड डिजिटल रूप में उपलब्ध हैं, तो मरीज की सहमति मिलने के बाद नए अस्पताल के डॉक्टर उन रिकॉर्ड को देख सकते हैं. इससे मरीज को हर बार पुरानी जांच रिपोर्ट और इलाज का पूरा विवरण लेकर जाने की जरूरत कम हो सकती है. डॉक्टर को पहले हुए इलाज और जांच की जानकारी मिलने से आगे का इलाज तय करने में भी मदद मिल सकती है.

 ऐसे बनवाएं आभा आईडी 

आभा आईडी बनवाने की प्रक्रिया मुफ्त है. इसे घर बैठे ऑनलाइन या किसी ABDM से जुड़े स्वास्थ्य संस्थान में जाकर बनवाया जा सकता है.

ऑनलाइन ऐसे बनाएं आभा आईडी

सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट https://abha.abdm.gov.in, https://abha.abdm.gov.in पर जाएं. इसके बाद Create ABHA Number विकल्प चुनें और आधार कार्ड या उपलब्ध अन्य मान्य केवाईसी दस्तावेज का विकल्प चुनें. आधार के जरिए पंजीकरण करने पर 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज करें और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी से सत्यापन करें. फिर मांगी गई जानकारी भरकर मोबाइल नंबर सत्यापित करें. अपना आभा एड्रेस भी बना सकते हैं, जो डिजिटल पहचान के लिए ईमेल एड्रेस जैसा काम करता है. प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 अंकों का आभा नंबर तैयार हो जाएगा, जिसे डाउनलोड किया जा सकता है. ABHA एप और अन्य ABDM सक्षम पर्सनल हेल्थ रिकॉर्ड एप के जरिए भी रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है.

आधार से मोबाइल लिंक नहीं है या स्मार्टफोन नहीं है तो ये करें

अगर आधार से मोबाइल नंबर लिंक नहीं है या मरीज के पास स्मार्टफोन नहीं है, तो नजदीकी ABDM रजिस्टर्ड स्वास्थ्य संस्थान में सहायता ली जा सकती है. वहां उपलब्ध व्यवस्था के मुताबिक बायोमेट्रिक या फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए पहचान सत्यापित कर आभा आईडी बनवाई जा सकती है. इसके लिए अस्पताल के सहायता केंद्र से संपर्क करना होगा.

 मेडिकल रिकॉर्ड को आभा आईडी से ऐसे जोड़ें

नए रिकॉर्ड अस्पताल या लैब से ऐसे जुड़ेंगे

मरीज जब भी किसी ABDM सक्षम अस्पताल, क्लीनिक या लैब में जाए, तो पंजीकरण के समय अपना 14 अंकों का आभा नंबर या आभा एड्रेस बताएं. अस्पताल के काउंटर पर उपलब्ध ABHA आधारित QR कोड को संबंधित एप से स्कैन करके भी पंजीकरण किया जा सकता है. अस्पताल या लैब की ओर से डिजिटल रिपोर्ट, प्रिस्क्रिप्शन और दूसरे मेडिकल रिकॉर्ड तैयार किए जाने के बाद उन्हें मरीज की आभा आईडी से लिंक किया जा सकता है. मरीज अपने ABHA एप या अन्य PHR एप में उपलब्ध रिकॉर्ड लिंक करने और देखने के विकल्प के जरिए रिकॉर्ड प्राप्त कर सकता है. इसके लिए जहां जरूरी हो, सहमति देनी होगी.

पुराने रिकॉर्ड ऐसे रखें सुरक्षित

अगर मरीज के पास पहले के इलाज की फाइलें, एक्सरे या जांच रिपोर्ट हैं तो उन्हें स्कैन करके PDF या फोटो के रूप में डिजिटल कॉपी सुरक्षित रख सकता है. कुछ पर्सनल हेल्थ रिकॉर्ड एप में दस्तावेज अपलोड करने और सुरक्षित रखने की सुविधा भी होती है. हालांकि, ध्यान रखें कि किसी एप के हेल्थ लॉकर में कागजी रिपोर्ट अपलोड करने से वह अपने आप ABDM नेटवर्क पर उपलब्ध मेडिकल रिकॉर्ड नहीं बन जाती. अस्पताल से डिजिटल रूप में रिकॉर्ड साझा करने की प्रक्रिया अलग है.

 डॉक्टर को रिकॉर्ड देखने की सहमति ऐसे दें

मरीज की मेडिकल जानकारी उसकी सहमति के बिना दूसरे अस्पताल या डॉक्टर के साथ साझा नहीं की जा सकती, ऐसे में जब नया अस्पताल पुराने रिकॉर्ड देखने के लिए अनुरोध भेजता है, तो मरीज को उपलब्ध सहमति अनुरोध की जानकारी जांचनी चाहिए. रिकॉर्ड किस अस्पताल या डॉक्टर के साथ साझा किए जा रहे हैं, यह देखें. कौनसी मेडिकल जानकारी मांगी गई है और किस उद्देश्य से मांगी गई है, इसकी जांच करें. इसके बाद रिकॉर्ड साझा करने की अवधि भी देखें. जानकारी सही होने पर सहमति दें.

अपनी सहमति कैसे ले वापस 

मरीज पहले दी गई सहमति को वापस भी ले सकता है. आधिकारिक ABHA एप की प्राइवेसी पॉलिसी के अनुसार My Consent सेक्शन में जाकर पहले दी गई सहमति चुनें और Revoke विकल्प दबाकर उसे वापस लिया जा सकता है.

अपने शहर में अस्पताल और लैब ऐसे ढूंढे

मरीज आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की आधिकारिक Health Facility Registry वेबसाइट https://facility.abdm.gov.in या https://facility.abdm.gov.in पर जाकर पंजीकृत स्वास्थ्य संस्थानों से जुड़ी जानकारी देख सकते हैं. इसमें अस्पताल, क्लीनिक और डायग्नोस्टिक सेंटर जैसे स्वास्थ्य संस्थान शामिल हैं. अस्पताल में जाने से पहले यह भी पता कर लें कि वहां डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड लिंक और साझा करने की सुविधा उपलब्ध है या नहीं.

 स्मार्टफोन नहीं है, तो क्या करें

आभा आईडी और डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड का इस्तेमाल करने के लिए मरीज के पास स्मार्ट फोन होना अनिवार्य नहीं है. मरीज अस्पताल में उपलब्ध सहायता से अपनी पहचान और सहमति की प्रक्रिया पूरी कर सकता है. हालांकि, रिकॉर्ड देखने और साझा करने के लिए संबंधित अस्पताल का ABDM सक्षम सिस्टम से जुड़ा होना जरूरी है.

यह भी पढ़ें- मुंडका-बक्करवाला, दौलतपुरा, शाहजहांपुर समेत 7 टोल प्लाजा हुए बैरिकेट्स फ्री, अब बिना रुके कटेगा टोल, जानें नया सिस्टम कैसे करता है काम

 निजी अस्पतालों में मिलेगी सुविधा?

सरकारी अस्पतालों के साथ निजी अस्पताल, क्लीनिक, जांच केंद्र और अन्य स्वास्थ्य संस्थान भी आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन से जुड़ सकते हैं. लेकिन हर अस्पताल में यह सुविधा अपने आप उपलब्ध नहीं होती. इसके लिए संबंधित संस्थान का ABDM नेटवर्क में पंजीकृत होना और डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड साझा करने की व्यवस्था होना जरूरी है. इस तरह आभा आईडी अस्पताल बदलने पर मरीज के मेडिकल रिकॉर्ड की उपलब्धता आसान बना सकती है. इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि मरीज की सहमति से पहले हुए इलाज और जांच की जानकारी नए डॉक्टर तक पहुंच सकती है.

यह भी पढ़ें- 10 साल में पहली बार उज्जवला समेत घटे 75 लाख LPG कनेक्शन, आप भी जानिए क्यों कम हो रहे हैं घरेलू गैस उपभोक्ता




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button