
छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के कोड़ा गांव में हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, इस मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर कार्रवाई करते हुए शालिग्राम गर्ग और अंकित मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है. शालिग्राम गर्ग बागेश्वर धाम के महंत पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का भाई है.
अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दी दबिश
पुलिस अधिकारी एडिशनल एसपी आदित्य पटले ने बताया कि घटना में कुल चार आरोपी शामिल थे, जिनमें तीन नामजद और एक अज्ञात आरोपी है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
Bhopal News: करोड़ों की लागत से बना निशातपुरा रेलवे स्टेशन धूल फांक रहा, स्थानीय लोगों में नाराजगी
विवाद की वजह जमीन संबंधी विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद की वजह जमीन संबंधी विवाद है. इसी विवाद के दौरान गोली चलने की घटना हुई, जिसमें एक युवक घायल हो गया था. घायल का उपचार पहले जिला अस्पताल में कराया गया, बाद में उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे ग्वालियर रेफर किया गया.
घटना में इस्तेमाल हथियार पुलिस ने किया बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी बरामद कर लिया है. मामले की विवेचना जारी है और पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
शालिग्राम गर्ग से कोई लेना देना नहीं- पंडित धीरेंद्र शास्त्री
फायरिंग मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सोमवार (14 जुलाई) को कहा था कि शालिग्राम गर्ग से उनका कोई लेना देना नहीं है. उन्होंने ये भी कहा कि परिवार से हमारा कोई लेना देना नहीं है, पूरा विश्व हमारा परिवार है. कानून उन्हें जो भी कठोर से कठोर दंड देना चाहे दे. उन्होंने ये भी कहा कि हर बात में हमें न जोड़ा जाए.