

भोपाल का नव विकसित निशातपुरा रेलवे अब ‘भूतिया’ नहीं रहा है, क्योंकि अब इसका उद्घाटन हो गया. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को रेलवे स्टेशन पर दो रेलगाड़ियों के ठहराव को क्षेत्र के यात्रियों के लिए नई सौगात बताया. उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे का नेटवर्क इतना व्यापक है कि कई देशों की कुल आबादी के बराबर लोग प्रतिदिन इसकी ट्रेनों में यात्रा करते हैं.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डॉ. आंबेडकर नगर-श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा मालवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 में उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए रेलवे सुविधाओं के विस्तार का काम लगातार जारी है.
#WATCH | Bhopal | Madhya Pradesh Chief Minister Dr Mohan Yadav inaugurated the Nishatpura Railway Station and flagged off the Dr Ambedkar Nagar–Shri Mata Vaishno Devi Katra Malwa Express. (28.07) pic.twitter.com/JFkMbyEot3
— ANI MP/CG/Rajasthan (@ANI_MP_CG_RJ) July 28, 2026
भारतीय रेलवे में तेजी से काम हो रहे
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल को निशातपुरा के रूप में चौथा रेलवे स्टेशन मिला है और यह दर्शाता है कि पिछले 12 वर्षों में रेलवे का ‘‘न भूतो न भविष्यति” विकास हुआ है. उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और निशातपुरा स्टेशन शुरू होने के बाद नयी दिल्ली से उज्जैन और इंदौर की ओर जाने वाली ट्रेनों को ट्रैक तथा इंजन बदलने की आवश्यकता नहीं होगी
लोग कहते थे ‘भूतिया रेलवे स्टेशन’
दरअसल, तीन साल से बनने के बावजूर शुरू होने का इंतजार कर रहे निशातपुरा स्टेशन को स्थानीय लोगों ने भूतिया करार दे दिया था, तमाम यात्री सुविधाओं के साथ बने इस स्टेशन पर शाम होने के बाद वीरानी छा जाती थी. स्टेशन पर लाइट, ट्रैक, शेड सब होने के बावजूद प्लेटफॉर्म पर एक भी यात्री नजर नहीं आता था, जिसके चलते माहौल में एक अजीब सी खामोशी छाई रहती थी.
स्थानीय लोगों ने इसी वजह से इसे भूतिया स्टेशन करार दे दिया था, लेकिन अब खुद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों सीनियर डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर सौरभ कटारिया ने कहा कि यह अब भूतिया स्टेशन नहीं हैं. यात्रियों का आवागमन अब यहां नजर आएगा.
ये भी पढ़ें- ‘जहांगीर कभी ओरछा आए ही नहीं, राजा वीर सिंह ने बनवाया था महल’, CM मोहन यादव के बयान से मचा बवाल
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)





