

सर्दियां आते ही घरों में तरह-तरह के पराठे बनने शुरू हो जाते हैं, जिसमें आलू के पराठे सबसे ज्यादा पसंद किए जाने पराठे हैं. हालांकि, कई लोगों को पराठा बनाने में काफी परेशानी होती है. इसकी स्टफिंग तैयार करने से ज्यादा पराठे बेलते समय उसके बाहर निकलने की होती है. अगर आप भी इसी झंझट से बचना चाहते हैं, तो ये आसान रेसिपी आपके बहुत काम आने वाली है. इस स्पेशल रेसिपी को यूट्यूब चैनल Homestyle Cuisine with Ritu पर शेयर की गई है. इस रेसिपी में आलू की अलग से भरावन बनाने की जरूरत नहीं पड़ती. उबले हुए आलू, आटा और कुछ मसालों को सीधे मिलाकर तैयार किया गया सॉफ्ट आटा स्वादिष्ट पराठों का मजा दोगुना कर देता है. सुबह के नाश्ते, बच्चों के टिफिन या शाम की हल्की भूख के लिए यह रेसिपी एकदम परफेक्ट है. यहां जानते हैं स्वादिष्ट आलू के पराठे बनाने का क्या तरीका है?
वीडियो में देखें पूरी रेसिपी…
सबसे पहले आलू को करें कद्दूकस
इस आसान रेसिपी के लिए सबसे पहले उबले हुए आलुओं को कद्दूकस कर लें. आलू को आसानी से ग्रेट करने के लिए ग्रेटर पर थोड़ा सा तेल लगा सकते हैं. इससे आलू चिपकेंगे नहीं और काम भी तेजी से हो जाएगा.
अब कद्दूकस किए हुए आलू में करीब डेढ़ कप मैदा डालें. चाहें तो मैदे की जगह गेहूं का आटा भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके बाद चिली फ्लेक्स, जीरा, स्वादानुसार नमक और बारीक कटे करी पत्ते डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. अगर करी पत्ता नहीं है, तो आप हरा धनिया भी डाल सकते हैं.
सभी सूखी सामग्री को मिलाने के बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सॉफ्ट आटा गूंथ लें. ध्यान रखें कि आलू में पहले से नमी होती है, इसलिए पानी जरूरत के अनुसार ही डालें. जब आटा तैयार हो जाए, तो उसके ऊपर थोड़ा तेल लगाकर 10 मिनट के लिए ढककर रख दें.
ऐसे सेंकें स्वादिष्ट आलू पराठे
10 मिनट बाद आटे को फिर से हल्का गूंथ लें और रोटी के आकार की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. इन्हें सामान्य रोटी की तरह बेलें. गर्म तवे पर पराठे डालें और दोनों तरफ से सेकते हुए थोड़ा-थोड़ा तेल लगाएं. सुनहरा और कुरकुरा होने तक पकाएं.
झटपट बनाएं प्याज का स्वादिष्ट अचार
इस आलू के पराठे के साथ इंस्टेंट प्याज का अचार सर्व करने से पराठे का स्वाद और ज्यादा बढ़ जाता है. इसके लिए बारीक कटे प्याज में हरी मिर्च, दरदरी कुटी मूंगफली और नमक मिलाएं. एक पैन में तेल गर्म करके उसमें लहसुन और राई का तड़का लगाएं. गैस बंद करने के बाद हल्दी और लाल मिर्च पाउडर डालें और इस तड़के को प्याज के मिश्रण में मिला दें. कुछ ही मिनटों में चटपटा प्याज का अचार तैयार हो जाएगा.
ये भी पढ़ें – भाईदूज पर बनाएं शाही टुकड़ा, मिनटों में तैयार होने वाली ये शाही मिठाई जीत लेगी सबका दिल





