खबर

दिल्ली-NCR में 6 दिन बारिश, यूपी-बिहार समेत 12 राज्यों में तूफानी बारिश का IMD अलर्ट, जानें आज का मौसम | weather today in delhi-ncr imd alert in 12 states up bihar monsoon rain



दिल्ली-NCR के लोगों को राहत भरी खबर है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले तीन से चार दिनों तक यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड समेत 12 राज्यों में अगले कुछ दिनों तक झमाझम बारिश होने वाली है.  मॉनसून सीजन में अगस्त के पहले हफ्ते में अच्छी बारिश होने वाली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग IMD ने 31 जुलाई को देश के 12 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तूफान को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. बंगाल की खाड़ी में बने स्ट्रांग सिस्टम की वजह से पूर्वोत्तर के राज्यों से लेकर उत्तर भारत तक मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो रहा है. पहाड़ी राज्यों में भी मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है. 

बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम 

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से मॉनसून पूरी तरह से एक्टिव है. दबाव की वजह मॉनसूनी ट्रफ लाइन अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर शिफ्ट होकर पूरी तरह सक्रिय है, जिसके कारण उत्तर भारत और मध्य भारत के राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं. बंगाल की खाड़ी और मध्य भारत के ऊपर बने डिप्रेशन तथा कम दबाव के क्षेत्रों के पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ने से नमी भरी हवाएं लगातार आ रही हैं, जिससे झमाझम बारिश हो रही है. इसके अलावा उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है, जिसकी वजह से पहाड़ी राज्यों जैसे हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है.

दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम 

IMD ने दिल्ली-NCR के लिए गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है. राजधानी दिल्ली और आसपास के एनसीआर क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही के साथ राहत के आसार बन गए हैं. 31 जुलाई और 1 अगस्त के बीच आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. बारिश की वजह से यहां उमस भरी गर्मी से राहत मिलने वाली है. पिछले तीन दिनों से यहां मॉनसूनी गतिविधियां एक्टिव हैं. जिसके चलते पिछले कुछ दिनों से लगातार बादल छा रहे हैं, हालांकि अब तक झमाझम बारिश का इंतजार बढ़ता जा रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक बारिश के लिहाज से अहम होने वाले हैं. 

अगस्त का पहले हफ्ते में अच्छी बारिश 

  • 31 जुलाई से 3 अगस्त के बीच यूपी, बिहार, राजस्थान में अच्छी बारिश के संकेत. 
  • महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में भी 31 जुलाई से 2 अगस्त के बीच तेज बारिश के आसार. 
  • जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में 31 जुलाई से 4 अगस्त बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी. 
  • उत्तर पूर्वी राज्यों में भी 31 जुलाई से 3 अगस्त के बीच तेज बरसात रहने की संभावना है. 
  • भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक मॉनसून अगस्त के पहले हफ्ते में एक्टिव रहेगा. 

यूपी-बिहार में भारी बारिश की चेतावनी

यूपी-बिहार में भी मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. उत्तर प्रदेश में अगस्त की शुरुआत के साथ ही मानसून के फिर से सक्रिय होने की उम्मीद है. शुक्रवार को मौसम विभाग ने भदोही, देवरिया, जौनपुर, कानपुर देहात, कौशांबी, कुशीनगर, रायबरेली, संत कबीर नगर और सीतापुर समेत कई इलाकों में आगामी दिनों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इसके अलावा बिहार में झमाझम बारिश होने वाली है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है, जिसे लेकर प्रशासन ने सतर्क रहने को कहा है. 

उत्तराखंड-हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी मौसम विभाग ने शुक्रवार के दिन ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा सहित सभी प्रमुख नदियां उफान पर हैं और कई नदियां चेतावनी के स्तर के करीब बह रही हैं. मौसम विभाग ने बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में मौसम विज्ञान विभाग ने सिरमौर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. यहां भारी से अत्यधिक भारी बारिश, गरज के साथ बौछारें और बिजली गिरने की आशंका है, जिससे अचानक बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है. जम्मू-कश्मीर में भी अच्छी बरसात के संकेत हैं.

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बरसात लगातार हो रही है. मॉनसूनी सीजन में बारिश का कोटा भी तेजी से पूरा हो रहा है. ऐसे में लोगों को राहत मिलने की संभावना है. हालांकि कुछ राज्यों में अभी भी मॉनसून पूरी तरह से एक्टिव नहीं हो पाया है. जिसके चलते बारिश नहीं हो रही है.

ये भी पढ़ेंः दिल्ली में ऐसा क्या नहीं है, जिस कारण कुछ घंटों की बारिश में डूब जाता है पूरा शहर?







Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button