

नेपाल में बाढ़ को लेकर शुक्रवार को नया अलर्ट जारी हुआ था. तिब्बत की तरफ एक और झील टूटने की खबर सामने आई थी. इसके बाद अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी. यह अलर्ट ऐसे वक्त में आया था, जब पहले आई बाढ़ की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा था. जिसे रोका गया है. जबकि राहत और बचाव कार्यों में लगी टीमों को हाई अलर्ट पर कर दिया गया है. बता दें कि नेपाल में बुधवार को आई बाढ़ से पहले ही भारी नुकसान हो चुका है. फिलहाल 1500 से ज्यादा लोग लापता है और 469 लोगों की मौत हो चुकी है. अब चीन की ओर से कहा गया है कि फिलहाल नई झील फटने का खतरा नहीं है और राहत एवं बचाव कार्य फिर से शुरू किया गया है.
नेपाली पुलिस का ताजा अलर्ट
धडिंग जिले में पुलिस लगातार लोगों को हटाने में जुटी है. इसके बाद लोग अपने घरों का जरूरी सामान और खाने पीने का सामान लेकर पहाड़ों की तरफ भाग रहे हैं, क्योंकि यहां लगातार बाढ़ का अनाउंसमेंट किया जा रहा है. लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने के साथ-साथ यह अपील भी की गई है कि आसपास के लोगों को भी इस खतरे की जानकारी दें और सुरक्षित स्थान पर पहुंचने में मदद करें.
Alert !! pic.twitter.com/grYxhc5N7Q
— Nepal Police (@NepalPoliceHQ) August 28, 2026
नेपाल के धडिंग जिले पुलिस, स्पेशल फोर्सेज और एपीएफ के लोगों में सबके मकान दुकान खाली करा दिए हैं. बुजुर्गो को स्ट्रेचर पर सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया है. अलर्ट के बाद से ही यहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई है. क्योंकि समय कम मिला है. क्योंकि अगले कुछ घंटों में ही तबाही आ सकती है. लोगों के मोबाइल पर लगभग दस मिनट पहले अलर्ट आया कि चीन में डैम टूट गया है, ऐसे में लोगों को तेजी से ऊपर की तरफ भेजा जा रहा है.
नेपाल बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित
नेपाल में बुधवार को आई बाढ़ के बाद से ही सब कुछ अस्त व्यस्त हो गया है. ऐसे में नया अलर्ट फिर परेशानियां बढ़ा रहा है. यह नया अलर्ट ऐसे समय में जारी किया गया है जब हिमालयी सीमा के पास बसे इलाकों में पानी, कीचड़, चट्टानों और मलबे का तेज बहाव तबाही मचा चुका है. भोटेकोशी और त्रिशूली नदी में पानी तेजी से नीचे आ सकता है. ऐसे में पिछली बार से डरे हुए लोग खुद ही ऊपर की तरफ जा रहे हैं.
नेपाल में 1500 लोग लापता
नेपाल में बुधवार को आई बाढ़ के बाद से अब तक 1500 लोग लापता हैं. जबकि 469 लोगों की मौत हुई है. बड़ी संख्या में लोग भी घायल बताए जा रहे हैं. भारत के भी अलग-अलग राज्यों के 300 से ज्यादा लोग लापता हैं. फिलहाल नेपाल में 13 हजार 295 से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है, जिसने 3 हजार 253 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है. नेपाली सेना के 15 हेलिकॉप्टर बचाव अभियान के लिए तैनात हैं. हालांकि नए अलर्ट के बाद फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन को रोका गया है. भारत का विदेश मंत्रालय भी लगातार नेपाल के संपर्क में बना हुआ है. जबकि भारत की तरफ से नेपाल को मदद भी भेजी गई है.
ये भी पढ़ेंः नदी से महिला का शव निकाला और कान से बालियां नोंच ली… नेपाल बाढ़ का वीडियो वायरल, दो गिरफ्तार





