
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सामने आया है. बड़ामलहरा सिविल अस्पताल में कथित तौर पर कचरा वाहन से शव ले जाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है. घटना को लेकर लोगों में नाराजगी है और अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए जा रहे हैं.
मामले पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. आर.पी. गुप्ता ने बताया कि जैसे ही यह मामला उनके संज्ञान में आया, उन्होंने तुरंत ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) से विस्तृत प्रतिवेदन तलब किया है. उनका कहना है कि घटना की पूरी जानकारी रिपोर्ट मिलने के बाद ही सामने आएगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
रीवा में कट्टे संग धमकी का वीडियो वायरल, 8 राउंड फायरिंग का भी दावा
BMO नहीं दे सके संतोषजनक जवाब
CMHO डॉ. गुप्ता के मुताबिक, इस मामले में BMO से फोन पर चर्चा की गई, लेकिन वे घटना को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे सके. शुरुआती जानकारी में बताया गया है कि मृतक के परिजनों ने नगर पालिका का शव वाहन बुलाया था, लेकिन वह समय पर नहीं पहुंचा. ऐसे में किन परिस्थितियों में कचरा वाहन का इस्तेमाल शव ले जाने के लिए किया गया, इसकी जांच की जा रही है.
CMHO ने बताया कि शासन की ओर से प्रत्येक जिले के लिए दो शव वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, जिनका संचालन जिला मुख्यालय से किया जाता है. ऐसे में अगर शव वाहन उपलब्ध नहीं हो सका या उसके इस्तेमाल में किसी तरह की लापरवाही हुई है तो इसकी जिम्मेदारी तय की जाएगी. उन्होंने कहा कि BMO की लिखित रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
दतिया में कांग्रेस की जीत पर जीतू पटवारी का बड़ा बयान, ‘MP में बदलाव की शुरुआत’
स्थानीय लोगों ने उठाई अलग शव वाहन की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों में स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है. लोगों का कहना है कि शवों के सम्मानजनक परिवहन के लिए हर अस्पताल में अलग से पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और स्वास्थ्य विभाग रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है.