

महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने फूड सेफ़्टी और साफ़-सफ़ाई के नियमों के उल्लंघन के कारण क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (CCI), बांद्रा ईस्ट के MIG क्रिकेट क्लब और शहर के तीन अन्य क्लबों के फूड बिजनेस लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिए हैं. जांच के दौरान इन प्रतिष्ठानों में कॉकरोच और मक्खियों का प्रकोप, बेहद गंदी रसोई, एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ, चीजों का गलत भंडारण और खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी जैसी गंभीर बातें सामने आईं. वहीं, बिना लाइसेंस के व्यवसाय संचालित करने के कारण गोरेगांव स्पोर्ट्स क्लब को ‘स्टॉप बिजनेस’ का नोटिस थमाया गया है.
नए कमिश्नर तुकाराम मुंडे के नेतृत्व में FDA ने शहर और राज्य के अन्य हिस्सों में कई मशहूर भोजनालयों और खाने-पीने की जगहों का निरीक्षण किया. 24 से 27 जुलाई के बीच पूरे महाराष्ट्र में 81 होटलों, रेस्तरां, क्लबों और ढाबों का औचक निरीक्षण किया गया. इस बड़े अभियान के तहत अब तक कुल 11 लाइसेंस निलंबित किए गए हैं और 12 अन्य प्रतिष्ठानों को सुधार के लिए नोटिस Improvement Notice जारी किया गया है.
CCI में कोल्ड स्टोरेज के अंदर रखे खाने पर पानी टपकता हुआ पाया गया, नालियां बंद थीं, कटिंग बोर्ड साफ़-सुथरे नहीं थे और वहां सड़ी-गली सब्ज़ियां, बहुत ज़्यादा पके हुए मशरूम और एक्सपायर हो चुके खाने के सामान रखे हुए थे. साथ ही, खाने की चीजों पर सही लेबलिंग की भी नहीं की गई थी.
इन 5 क्लबों पर गिरी गाज
1. क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (CCI)
2. आरके जुहू जिमखाना
3. अपर्णा जुहू जिमखाना
4. MIG क्रिकेट क्लब (बांद्रा पूर्व)
5. विलिंग्डन स्पोर्ट्स क्लब
गोरेगांव स्पोर्ट्स क्लब को ‘स्टॉप बिजनेस’ नोटिस
एमआईजी क्रिकेट क्लब की जांच में पाया गया कि वहां बिना वैध FSSAI लाइसेंस के एक थर्ड-पार्टी द्वारा केटरिंग का काम किया जा रहा था. इसके अलावा गोरेगांव स्पोर्ट्स क्लब को ‘स्टॉप बिजनेस’ नोटिस थमाया गया है. वहीं, बिना लाइसेंस के व्यवसाय संचालित करने के कारण गोरेगांव स्पोर्ट्स क्लब को ‘स्टॉप बिजनेस’ का नोटिस दिया गया है.





