मध्य प्रदेश

किशोर कुमार, गायन और अभिनय से हमारी स्मृतियों में रहेंगे मौजूद : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि खंडवा की माटी के सपूत बहुमुखी प्रतिभा के धनी गायक और अभिनेता श्री किशोर कुमार महान कलाकार थे. उन्हें संसार से विदा हुए 39 वर्ष हो गये, लेकिन वे अपने अभिनय और गीतों से प्रशंसकों के लिए अमर हैं और आगे भी स्मृतियों में बने रहेंगे. मध्यप्रदेश सरकार, हरफनमौला किशोर कुमार की स्मृति में राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार “किशोर कुमार अलंकरण” प्रतिवर्ष प्रतिभा संपन्न कलाकार को प्रदान करती है. वर्ष 2026 के पुरस्कार के लिये अभिनेता  रघुवीर यादव का चयन किया गया है. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अलंकरण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि खंडवा के विकास के लिये सभी क्षेत्रों में कार्य हो रहा हैं. खंडवा में शीघ्र ही एयरपोर्ट भी बनेगा और जिले के प्रसिद्ध धार्मिक महत्व के स्थल ओंकारेश्वर तक श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन आसान हो जाएगा.

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस वर्ष राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से अलंकृत किए गए अभिनेता श्री रघुवीर यादव को अलंकरण के लिये बधाई दी. समारोह में श्री रघुवीर यादव को 5 लाख रुपए की सम्मान निधि, प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्रम् और स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया. मुख्यमंत्री डॉ. यादव, मुख्यमंत्री निवास भोपाल से वर्चुअली खंडवा में आयोजित राष्ट्रीय किशोर कुमार अलंकरण समारोह और संगीत संध्या को संबोधित कर रहे थे.

किशोर कुमार का अंदाज याद रहेगा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गायक और अभिनेता किशोर कुमार का अपनी जन्मभूमि खंडवा से विशेष लगाव था. वे सदैव कहते थे – “दूध जलेबी खाएंगे, खंडवा में बस जाएंगे.” मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अनेक ऐसे गीत हैं जिन्हें किशोर कुमार ने न सिर्फ गाया बल्कि उन गीतों से जीवन दर्शन भी दिया. “रोते-रोते हंसना सीखो, हंसते-हंसते रोना…” और “जिन्‍दगी एक सफर है सुहाना…” ऐसा ही गीत हैं. फिल्म “पड़ोसन” में किशोर कुमार का अलग अंदाज दिखाई दिया, जो दर्शकों को सदैव याद रहेगा. फिल्म “चलती का नाम गाड़ी” उनके फिल्मी कैरियर की एक विशेष फिल्म रही, जिसमें उनके भाईयों अशोक कुमार और अनूप कुमार ने भी अभिनय किया. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किशोर कुमार को श्रद्धा सुमन अर्पित किए.

विलक्षण है रघुवीर यादव की प्रतिभा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश निवासी रघुवीर यादव विलक्षण प्रतिभा रखते हैं. वे वेब सीरिज ‘पंचायत’ में प्रधान की भूमिका से चर्चित हुए लेकिन इसके पहले पीपली लाइव के ‘बुधिया’, फिल्म लगान के ‘भूरा’ और उसके पहले “मुंगेरीलाल के हसीन सपने” में ‘मुंगेरीलाल’ का किरदार निभाकर उन्होंने नाम कमाया है. उनका ठेठ ग्रामीण अंदाज माटी की सौन्धी खुशबू का अहसास करवाता है. अभिनेता रघुवीर यादव ने मध्यप्रदेश पर्यटन के लिए लोकप्रिय जिंगल “एमपी अजब है सबसे गजब है” के लिए भी आवाज दी हैं. उन्हें किशोर कुमार राष्ट्रीय सम्मान से अलंकृत कर मध्यप्रदेश सरकार स्वयं गौरवान्वित हो रही है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button