
कानपुर जू में पिछले 8 साल से शेरों के बाड़े में किसी नन्हे शावक की दहाड़ नहीं गूंजी है. लेकिन अब वन्यजीव प्रेमियों और कानपुरवासियों के लिए गुड न्यूज आ गई है. जू में शेरों के परिवार की आबादी बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है. जल्द ही मध्य प्रदेश के इंदौर चिड़ियाघर की एक युवा शेरनी वीरा कानपुर चिड़ियाघर में कदम रखेगी और 8 वर्षीय बब्बर शेर शंकर के साथ मिलकर अपना कुनबा बढ़ाएगी. करीब तीन साल की शेरनी वीरा को एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम (वन्यजीव विनिमय कार्यक्रम) के तहत कानपुर लाया जाएगा. इसके बदले कानपुर चिड़ियाघर अपना एक दरियाई घोड़ा (हिप्पो) जिसका नाम सतीश है, इंदौर चिड़ियाघर भेजेगा.

कानपुर जू में शेर शंकर और इंदौर जू की शेरनी वीरा की बनेगी जोड़ी.
शेर शंकर को मिलेगा वीरा का साथ
दरअसल, पिछले 8 साल से कानपुर जू में शेरों का परिवार नहीं बढ़ा है, इसका कारण है कि वर्तमान में चिड़ियाघर में केवल 3 शेर हैं. इनमें 16 साल की बुजुर्ग शेरनी नंदनी, मादा उमा और 8 साल का नर शेर शंकर शामिल हैं. समस्या यह थी कि उमा और शंकर आपस में सगे भाई-बहन हैं, जिसके चलते उनका आपसी प्रजनन संभव नहीं था. इसलिए, कुनबा बढ़ाने के लिए शंकर को एक नई साथी की तलाश थी, जो अब वीरा के रूप में पूरी होने जा रही है.
ये भी पढ़ें- गर्मी में नहाते हुए इंदौर चिड़ियाघर पहुंचेगा हिप्पो, 709 किमी लंबे सफर के लिए किए जा रहे खास इंतजाम

दो सप्ताह पहले कानपुर जू की शान बब्बर शेर अजय का हो गया था निधन.
दो हफ्ते पहले हुई उम्रदराज शेर अजय की मौत
यह नई पहल ऐसे समय में हो रही है जब हाल ही में कानपुर चिड़ियाघर ने अपने एक पुराने साथी को खोया है. दो हफ्ते पहले ही यहां के सबसे उम्रदराज शेर अजय का निधन हो गया था. 18 साल 3 महीने की लंबी उम्र पूरी कर चुके अजय को फेफड़ों (लंग्स) में ट्यूमर हो गया था, जिससे उसने दम तोड़ दिया. अजय के जाने से चिड़ियाघर में जो उदासी छाई थी, वीरा के आने की खबर ने उसे कुछ हद तक कम कर दिया है.

कानपुर जू में विभिन्न प्रजातियों के 1300 से अधिक वन्यजीव हैं मौजूद.
कनपुर जू में 1300 से अधिक वन्यजीव
कानपुर जू के डायरेक्टर डॉक्टर कन्हैया पटेल ने NDTV को बताया- कानपुर चिड़ियाघर लगातार अपने वन्यजीवों और दर्शकों के लिए खुद को अपग्रेड कर रहा है इस समय यहां विभिन्न प्रजातियों के 1300 से अधिक जानवर मौजूद हैं. वन्यजीवों को और बेहतर व प्राकृतिक माहौल देने, पर्यटकों को नया अनुभव प्रदान करने के लिए चिड़ियाघर को नए सिरे से संवारा जा रहा है. हमारा यह प्रयास लगातार जारी है. इंदौर चिड़ियाघर से वीरा के आने के बाद जू की रौनक और बढ़ेगी.
चिड़ियाघर में दुर्लभ सफेद हिरण का जन्म! गुलाबी आंखों ने खींचा ध्यान, जानें क्या है इसका कारण





