खबर

कनाडा में भारतीय मूल की महिला नवनीत कौर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या,कुछ ही घंटों में आरोपी गिरफ्तार | Navneet Kaur, a woman of Indian origin, shot dead in broad daylight in Canada



कनाडा के टोरंटो शहर में 26 साल भारतीय मूल की महिला नवनीत कौर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह सनसनीखेज वारदात शुक्रवार 24 जुलाई की सुबह टोरंटो के रेक्सडेल इलाके में हुई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. शुरुआती जांच के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल टोरंटो पुलिस की होमिसाइड यूनिट इस पूरे मामले की जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक 24 जुलाई की सुबह करीब 7:23 बजे कंट्रोल रूम में सूचना मिली कि हंबरवुड बुलेवार्ड और रेक्सडेल बुलेवार्ड के पास एक महिला को गोली मार दी गई है. सूचना मिलते ही पुलिस, पैरामेडिक्स और अन्य आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं. घटनास्थल पर पहुंचने पर अधिकारियों ने देखा कि महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी हुई थी. मेडिकल टीम ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गोली लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी. बाद में मृतका की पहचान 26 साल की नवनीत कौर के रूप में हुई.

घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू किए. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ली और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू की. शुरुआत में पुलिस ने बताया था कि आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया है और उसकी तलाश की जा रही है. हालांकि बाद में पुलिस ने पुष्टि की कि संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है और अब इस मामले में कोई अन्य आरोपी फरार नहीं है.

जांच के दौरान पुलिस ने ब्रैम्पटन निवासी 37 साल के शरणजीत सिंह को गिरफ्तार किया. आरोपी के खिलाफ फर्स्ट डिग्री मर्डर (पूर्व नियोजित हत्या) का मामला दर्ज किया गया है. इसके अलावा उस पर फेल टू कम्प्लाई विद अंडरटेकिंग यानी अदालत या पुलिस द्वारा पहले लगाई गई कानूनी शर्तों का पालन नहीं करने का भी आरोप लगाया गया है. इससे संकेत मिलता है कि आरोपी पहले भी किसी कानूनी प्रक्रिया के दायरे में था और उस पर कुछ शर्तें लागू थीं, जिनका उसने उल्लंघन किया.

कनाडा के कानून में फर्स्ट डिग्री मर्डर सबसे गंभीर आपराधिक आरोपों में से एक माना जाता है. यह तब लगाया जाता है जब हत्या को पहले से योजना बनाकर या जानबूझकर अंजाम दिया गया हो. पुलिस फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे क्या वजह थी और आरोपी तथा मृतका के बीच किस तरह का संबंध था. अभी तक जांच एजेंसी ने इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है कि दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे या नहीं, या फिर यह कोई व्यक्तिगत विवाद, पारिवारिक मामला या किसी अन्य कारण से जुड़ा अपराध था.

टोरंटो पुलिस की होमिसाइड यूनिट ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. जांच अधिकारी घटनास्थल से मिले सबूतों, सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल सबूतों और गवाहों के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, मामले से जुड़े और तथ्य सामने आ सकते हैं.




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button