खबर

कत्ल का रिहर्सल, गूगल पर सर्च और… केतन को मारने के लिए सिया ने क्या-क्या किया | Ketan Agarwal Murder Case Pune Police Scene Recreation at Lohagarh Fort


पुणे:

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या मामले में रोज नए खुलासे हो रहे हैं. अब पुलिस टीम ने जो जानकारी दी है वह सिया के शातिर मंसूबों को साफ-साफ जाहिर कर रहे है. पुलिस टीम ने बताया कि केतन की हत्या से पहले सिया और चेतन रिहर्सल भी किया था. सिया ने गूगल पर यह सर्च किया था कि आखिर घटना को कैसे अंजाम दिया जाए. इस बीच आज पुणे पुलिस की टीम दोनों आरोपी चेतन और सिया को लेकर लोहागढ़ किले पर पहुंच चुकी है. जहां दोनों की मौजूदगी में पुलिस टीम सीन रिक्रिएट कर रही है. 

सिया-चेतन ने रिहर्सल कर की केतन की हत्या

केतन अग्रवाल मर्डर केस में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. अब पुलिस का कहना है कि केतन के कत्ल की आरोपी मंगेतर सिया और उसके बॉयफ्रेंड चेतन ने इस कत्ल की रिहर्सल भी की थी. इसके अलावा पुणे पुलिस का कहना है कि इन लोगों ने केतन को 14 जून को भी मारने का प्रयास किया था. 

सिया ने गूगल पर किया था सर्च

मंगेतर के कत्ल के लिए सिया इतनी आतुर थी कि गूगल पर तरीकों की खोज कर रही थी कि आखिर कैसे घटना को अंजाम दिया जाए. पुलिस का यह भी दावा है कि हत्या के बाद पूछताछ के दौरान क्या जवाब देना है, इसकी भी आरोपियों ने पहले से तैयारी और अभ्यास किया था.

चेतन ने हुलिया बदलने तक का कर लिया था प्लान

यहां तक कि शक से बचने के लिए सिया और चेतन ने वेश बदलने तक की योजना बना ली थी. घटना के बाद चैट और अन्य डिजिटल सबूत मिटाने की कोशिश किए जाने की जानकारी भी सामने आई है. पुणे ग्रामीण पुलिस डिजिटल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है.

Latest and Breaking News on NDTV

सिया ने कहा था- जब मैं बैठ जाऊंगी तो केतन को धक्का मारना

केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुणे पुलिस आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी को लेकर लोहगढ़ किले पर सीन रिक्रिएट करने पहुंच चुकी है. अभी सीन रिक्रिएट किया जा रहा है. इस प्रक्रिया से पुलिस यह पता करेगी कि कैसे इन दोनों ने केतन अग्रवाल को पहाड़ी से नीचे धकेला? कैसे सिया ने चेतन चौधरी को हिंट दिया कि जब मैं बैठ जाऊंगी तो केतन को धक्का मारना? कैसे चेतन हुंडी पहनकर बिना टिकट लिए लोहगढ़ किले पर पहुंचा और लगातार सिया और केतन को फॉलो कर रहा था?

क्राइम सीम रिक्रिएशन की वीडियो रिकॉर्डिंग भी हो रही

क्राइम सीन रीक्रिएशन की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जा रही है. केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच के तहत लोणावला पुलिस आज अल सुबह दोनों आरोपियों सिया गोयल और चेतन चौधरी को लोहगढ़ किले पर लेकर पहुंची है. पुलिस हत्या की पूरी घटना का क्राइम सीन रिक्रिएशन कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वारदात के दिन घटनास्थल पर क्या-क्या हुआ था और किस आरोपी की क्या भूमिका थी?

केतन अग्रवाल मर्डर केस में लोहागढ़ किले पर सीन रिक्रिएट करती पुलिस.

केतन अग्रवाल मर्डर केस में लोहागढ़ किले पर सीन रिक्रिएट करती पुलिस.
Photo Credit: NDTV

घटना का पूरा क्रम समझ रही पुलिस

सीन रिक्रिएशन के दौरान यह समझने की कोशिश की जा रही है कि केतन अग्रवाल किस समय लोहगढ़ पहुंचे, चेतन चौधरी कब वहां मौजूद था, दोनों आरोपियों ने क्या-क्या किया और हत्या की घटना किस क्रम में हुई. जांच प्रक्रिया के तहत घटनास्थल पर पूरी वारदात को दोबारा दोहराया जा रहा है, ताकि आरोपियों के बयानों का मिलान घटनास्थल से मिले साक्ष्यों से किया जा सके.

SP बोले- किस रूट से गए, क्या-क्या किया, सब रिकॉर्ड किया गया

सीन रिक्रिएशन के चलते आज लोहगढ़ किले को आम लोगों के लिए बंद रखा गया है. पुलिस ने सुरक्षा कारणों से किसी भी पर्यटक या अन्य व्यक्ति के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी है. पुणे ग्रामीण पुलिस के एसपी संदीप सिंह गिल ने कहा, ‘अभी सीन रीक्रिएशन किया गया है. इसमें आरोपियों ने हमें बताया है कि घटनास्थल पर किस तरह से यह पूरी घटना हुई. वे किस रास्ते रूट से वहां गए थे, उन्होंने कैसे-क्या किया, यह सब बताया गया है. इन सभी चीजों को कवर कर लिया गया है और उसका पंचनामा तैयार किया गया है…’

सीन रिक्रिएशन से सामने आएंगे और सच

केतन अग्रवाल की हत्या आखिर किस तरह की गई, इसकी मौके पर प्रत्यक्ष जांच और पुष्टि की जा रही है. जिस स्थान से केतन को खाई में धक्का दिए जाने का संदेह है, वहां फॉरेंसिक टीम गहन जांच कर रही है. फॉरेंसिक विशेषज्ञ वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाकर जांच को और मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं. 

इनपुट- पुणे से यशपाल सोनकांबले

यह भी पढ़ें – केतन मर्डर केस: सिया का शराब पीते वीडियो आया सामने; सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने हजारों मैसेज किए डिलीट







Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button