खबर

ओवैसी ने फूंका 2027 का चुनावी बिगुल, अखिलेश पर बरसे, फिर बोले- चंद्रशेखर को बनाना है CM | AIMIM And Azad Samaj Party Alliance Challenges BJP In Meerut Ahead Of Uttar Pradesh Elections



उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM और आजाद समाज पार्टी के गठबंधन ने मेरठ से अपनी ताकत दिखाने की कोशिश की. मेरठ में पहली बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी, अखिलेश यादव और योगी सरकार पर एक साथ तीखे हमले किए. उन्होंने साफ कहा कि उनका मकसद बीजेपी को रोकना और चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना है.

मेरठ में आयोजित जनसभा में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी सिर्फ राजनीतिक समझौते के तहत नहीं, बल्कि साझा सोच के साथ एक मंच पर आई हैं.

उन्होंने कहा, “चंद्रशेखर से हमने सिर्फ हाथ नहीं मिलाया, दिल मिलाया है.” 

दोनों दल आगामी चुनाव ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के बैनर तले लड़ेंगे. सभा के दौरान ओवैसी ने दावा किया कि गठबंधन का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की राजनीति में नया विकल्प खड़ा करना है. उन्होंने कहा कि दोनों दल अपनी-अपनी ताकत के साथ आगे बढ़ेंगे और उनकी ख्वाहिश है कि चंद्रशेखर आजाद प्रदेश के मुख्यमंत्री बनें.

अखिलेश के अयोध्या दौरे पर हमला

अपने भाषण में ओवैसी ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर सबसे ज्यादा निशाना साधा. अयोध्या में राम मंदिर जाने को लेकर उन्होंने कहा कि अखिलेश वहां जा रहे हैं, जहां मुसलमानों ने सदियों तक नमाज अदा की थी. उन्होंने इस मुद्दे के जरिए सपा की राजनीति पर सवाल खड़े करने की कोशिश की.

ओवैसी ने बिना नाम लिए अखिलेश यादव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि “मूंछ और दाढ़ी वालों के गठबंधन” की राजनीति में ‘क्लीन हेड और क्लीन शेव’ लोगों का नुकसान हो रहा है.

मुजफ्फरनगर दंगों को लेकर सपा पर सवाल

ओवैसी ने 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी को कठघरे में खड़ा किया. उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में दंगे हुए तब विधानसभा में बड़ी संख्या में मुस्लिम विधायक थे, लेकिन पीड़ितों के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.

उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में सत्ता में बैठे लोग जनता के दुख-दर्द से दूर थे. ओवैसी ने यह भी कहा कि आज जो लोग खुद को मुसलमानों और पिछड़ों का हितैषी बताते हैं, उन्हें अपने पुराने रिकॉर्ड का भी जवाब देना चाहिए.

कानून-व्यवस्था और एनकाउंटर पर सरकार को घेरा

योगी सरकार की कानून-व्यवस्था पर हमला बोलते हुए ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी हर तरह के एनकाउंटर के खिलाफ है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में ‘रूल बाय एनकाउंटर’ नहीं बल्कि ‘रूल बाय लॉ’ होना चाहिए.

ओवैसी ने दावा किया कि 2017 से 2024 के बीच बड़ी संख्या में एनकाउंटर हुए और कई मुसलमान कथित तौर पर एनकाउंटर या ‘हाफ एनकाउंटर’ का शिकार बने. उन्होंने हेट स्पीच के मामलों का भी जिक्र किया और सरकार से कानून के समान इस्तेमाल को लेकर सवाल पूछे.

मदरसों, मस्जिदों और धार्मिक स्थलों पर हुई कार्रवाई का हवाला देते हुए उन्होंने संभल, बहराइच, बाराबंकी समेत कई घटनाओं का जिक्र किया और आरोप लगाया कि सरकार चुनिंदा मामलों में कार्रवाई करती है.

किसानों, महंगाई और युवाओं के मुद्दे उठाए

जनसभा में ओवैसी ने किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया. उन्होंने कहा कि अगर उनका मोर्चा सत्ता में आता है तो किसानों को राहत देने के लिए कदम उठाए जाएंगे.

उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को भी बड़ा मुद्दा बताया. ओवैसी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के नौजवानों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है और शिक्षा व्यवस्था को बचाने के लिए जनता को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का साथ देना चाहिए.

रोजमर्रा की चीजों के बढ़ते दामों का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार से पूछा कि क्या मुख्यमंत्री को आम लोगों की परेशानियों का अंदाजा है.

बहराइच और सहारनपुर का भी किया जिक्र

ओवैसी ने कहा कि सपा नेतृत्व पीडीए की बात करता है, लेकिन बहराइच और सहारनपुर जैसे मामलों में पीड़ित लोगों के साथ खड़ा दिखाई नहीं दिया. उन्होंने सवाल किया कि जब विवादित घटनाएं हुईं तब विपक्षी नेता वहां क्यों नहीं पहुंचे.

मेरठ की धरती से उन्होंने दावा किया कि अब एआईएआईएम और चंद्रशेखर आजाद मिलकर बीजेपी और योगी सरकार को चुनौती देंगे. उन्होंने कहा कि जो दल पहले बीजेपी को नहीं हरा पाए, वे अब फिर वोट मांग रहे हैं, जबकि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा जनता के सामने नया विकल्प पेश कर रहा है.

यह भी पढ़ें: गांव का लड़का बना फाइटर पायलट, भारतीय वायुसेना ज्‍वाइन करेगा पराग शर्मा, UPSC NDA क्रैक की




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button