खबर

एप्पल CEO टिम कुक का 15 साल का कार्यकाल कैसा रहा? बड़े लॉन्च से पहले बड़े फेरबदल की तैयारी | How has Apple CEO Tim Cook 15 year tenure been



एप्पल कंपनी के सीईओ टिम कुक अब अपनी कुर्सी छोड़ने जा रहे हैं. 1 सितंबर से जॉन टर्नस एप्पल के नए सीईओ की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं. पिछले रविवार को ही टिम कुक का फेयरवेल हो चुका है. यह फेयरवेल कैलिफोर्निया स्थित एप्पल पार्क में आयोजित किया गया था.

बताया जा रहा है कि पद छोड़ने के बाद भी टिम कुक पूरी तरह एप्पल से अलग नहीं होंगे. वह कंपनी के बोर्ड के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन बने रहेंगे. इसके अलावा, एप्पल की कई महत्वपूर्ण बाहरी बैठकों में भी वह सक्रिय भूमिका अदा कर सकते हैं.

जॉन टर्नस के सीईओ बनने को लेकर टिम कुक ने कहा है कि यह ट्रांजिशन बिना किसी दिक्कत के हो रहा है. एप्पल के हालिया तिमाही नतीजों पर भी उन्होंने खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि जॉन टर्नस एप्पल को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाएंगे.

जानकारी के लिए बता दें कि 51 साल के जॉन टर्नस अब एप्पल के सीईओ बनने जा रहे हैं. 9 सितंबर को एप्पल की नई आईफोन सीरीज लॉन्च होने जा रही है. ऐसे में सीईओ बनने के बाद यह उनका पहला बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम होगा, जहां एप्पल कुछ बड़ा लॉन्च करने वाला है.

एप्पल के इस नेतृत्व परिवर्तन से पहले कंपनी ने कुछ असामान्य कदम भी उठाए हैं. दरअसल, इसी महीने एप्पल ने अपने नए Mac मॉडल भी लॉन्च कर दिए हैं. पिछले कुछ सालों में देखा गया था कि एप्पल आमतौर पर इस तरह के लॉन्च साल के इस समय नहीं करता है.

जानकारी के लिए बता दें कि टिम कुक 24 अगस्त 2011 को एप्पल के सीईओ बने थे. उनसे पहले स्टीव जॉब्स कंपनी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. टिम कुक के कार्यकाल की बात करें तो उनके नेतृत्व में एप्पल ने काफी तरक्की की है. कंपनी की कीमत करीब 3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच चुकी है. साल 2011 में कंपनी की कमाई करीब 108 अरब डॉलर थी, जो 2025 में बढ़कर 416 अरब डॉलर से ज्यादा हो चुकी है.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button