

अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी अब अभिनय के साथ फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रही हैं. उन्हें वुमन इन फिल्म इंडिया और गोल्ड हाउस की ओर से दिए जाने वाले डब्ल्यूआईएफ इंडिया-गोल्ड हाउस स्कॉलरशिप के लिए चुना गया है. इसके तहत श्वेता अपनी पहली फीचर फिल्म बतौर प्रोड्यूसर ‘मुझे जान ना कहो मेरी जान’ को टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026 में गोल्ड हाउस पिच के दौरान पेश करेंगी. इस पिच में श्वेता अपनी फिल्म को अंतरराष्ट्रीय निर्माताओं, फाइनेंसरों, इंडस्ट्री एग्जीक्यूटिव्स और फिल्म जगत से जुड़े दूसरे प्रमुख लोगों के सामने रखेंगी.
रिश्तों पर आधारित होगी फिल्म
नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर संजय नाग के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में श्वेता के साथ तिलोत्तमा शोम भी नजर आएंगी. यह एक क्वियर प्रेम कहानी है, जिसमें रिश्तों और भावनाओं को संवेदनशीलता के साथ पेश करने की कोशिश की गई है. श्वेता के लिए प्रोडक्शन की शुरुआत थिएटर से हुई. 2025 में उन्होंने अपनी थिएटर प्रोडक्शन कंपनी ऑलमाईटी शुरू की थी. इसके तहत उन्होंने ब्रिटिश प्लेराइट और ओलिवियर अवॉर्ड विजेता माइक बार्टलेट के क्वियर ड्रामा ‘कॉक’ का निर्माण किया था.
ये Video भी देखें: .स्पॉटलाइट. में .सब कुशल मंगल., फिल्म से डेब्यू कर रहे प्रियांक शर्मा-रीवा किशन
अब फीचर फिल्म के जरिए वह अभिनय से आगे बढ़कर किसी कहानी के रचनात्मक विकास और निर्माण की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं. वुमन इन फिल्म इंडिया की संस्थापक और सिख्या एंटरटेनमेंट की प्रोड्यूसर-सीईओ गुनीत मोंगा कपूर ने कहा, “श्वेता ने अभिनेत्री से प्रोड्यूसर तक एक दिलचस्प बदलाव किया है और यह स्कॉलरशिप उन्हें वैश्विक इंडस्ट्री के माहौल में अपनी प्रोड्यूसिंग की समझ को आगे बढ़ाने का अवसर देती है.”
सही अंतरराष्ट्रीय साझेदार
वुमन इन फिल्म इंडिया की प्रोग्राम और स्ट्रैटेजी प्रमुख राबिया चोपड़ा ने कहा कि गोल्ड हाउस के साथ यह संगठन की पहली साझेदारी है. उनके मुताबिक इसका उद्देश्य सिर्फ एक फिल्म को अंतरराष्ट्रीय मंच देना नहीं, बल्कि भारत की दूसरी महिला फिल्ममेकर्स के लिए भी नए अवसर पैदा करना है.
श्वेता ने कहा, “मैंने हमेशा कहानियों की ताकत में विश्वास किया है, लेकिन प्रोड्यूसिंग ने मुझे उनसे बिल्कुल अलग तरीके से जुड़ने का मौका दिया है. ‘मुझे जान ना कहो मेरी जान’ ऐसी कहानी है, जिस पर मुझे गहरा विश्वास है. इसे टीआईएफएफ ले जाना फिल्म के लिए सही अंतरराष्ट्रीय साझेदार और जरूरी बातचीत तलाशने का एक अवसर है.”
वुमन इन फिल्म इंडिया इससे पहले 2025 में टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में अपना प्रतिनिधिमंडल भेज चुका है. संगठन ने कान्स में कान्स प्रोड्यूसर्स नेटवर्क और इम्पैक्ट लैब के साथ साझेदारी के जरिए भी महिला प्रोड्यूसर्स को अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराया है.
ये भी पढ़ें; अक्षय खन्ना के नाम से घबराती थीं फराह खान! बोलीं- उनके गाने की कोरियोग्राफी से कर दिया था इनकार





