

नई दिल्ली:
पश्चिमी एशिया में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. यमन के हूती विद्रोहियों लगातार सऊदी अरब को निशाना बना रहे हैं. इसी बीच तीन भारतीय एयरलाइंस ने रियाद के लिए अपनी उड़ानें रद्द कर दीं हैं. एअर इंडिया, इंडिगो और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने 10 अक्टूबर तक रियाद जाने वालीं सभी उड़ानों को रद्द कर दिया है. कंपनियों का कहना है कि प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड मिलेगा.
हाल के दिनों में हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के हवाई अड्डों, सैन्य और तेल ठिकानों पर हमला करने का बार-बार दावा किया है.
गुरुवार को हूती विद्रोहियों ने सऊदी एयरस्पेस में उड़ानें संचालित करने वालीं कंपनियों को चेतावनी दी थी. हूती विद्रोहियों ने इसे अपनी ‘आखिरी चेतावनी’ बताया था. उनका कहना है कि सऊदी का एयरस्पेस उनके सैन्य अभियानों का केंद्र है.
एयरलाइन कंपनियों ने क्या बताया?
एअर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने कहा, ‘क्षेत्र में बदलते हालात को देखते हुए, हमने 10 अक्टूबर तक रियाद आने-जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी हैं. प्रभावित यात्रियों को मुफ्त री-शेड्यूलिंग या टिकट रद्द करने पर पूरा रिफंड देने की पेशकश की जा रही है. हम स्थिति पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं.’
इससे पहले इंडिगो ने भी रियाद जाने वालीं उड़ानों को रद्द कर दिया था. इंडिगो की आज एक फ्लाइट हैदराबाद से रियाद के लिए निकली थी, लेकिन बाद में इसे सऊदी के दम्मम एयरपोर्ट पर उतारा गया.
इसके बाद इंडिगो ने बताया कि शुक्रवार को दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद से रियाद जाने वाली उड़ानों को रद्द कर दिया गया है.
रियाद एयरपोर्ट ने यात्रियों से की थी अपील
सऊदी की राजधानी रियाद में कई धमाकों की आवाजें सुनाई देने के कुछ घंटों बाद रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने यात्रियों से अपील की थी कि वे गुरुवार को एयरपोर्ट जाने से पहले सीधे एयरलाइंस से संपर्क करें.
‘X’ पर पोस्ट किए गए एक बयान में कहा गया, ‘हम यात्रियों को बताना चाहते हैं कि एयरपोर्ट जाने से पहले वे सीधे अपनी एयरलाइंस से संपर्क करें और अपनी उड़ान के स्टेटस की जांच कर लें.’
बुधवार को सऊदी अधिकारियों ने बताया कि हूतियों की ओर से रियाद और आभा हवाई अड्डों पर किए गए हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई थी.
गुरुवार को रियाद में हुए कई धमाके
गुरुवार को रियाद में कई धमाके सुने गए, जिनमें शहर के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुआ एक बड़ा धमाका भी शामिल है. इन धमाकों का असर तुरंत बाजार और तेल की कीमतों पर पड़ा. कच्चे तेल की कीमतें बढ़ गईं.
ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए इस नए हमले की जिम्मेदारी ली. उन्होंने कहा कि बैलिस्टिक मिसाइल से नुकसान हुआ है, लेकिन इसके लिए कोई सबूत नहीं दिया.
हूती विद्रोहियों के खिलाफ लड़ रहे सऊदी-नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-माल्की ने कहा कि उन्होंने हूती विद्रोहियों की ओर से दागी गईं दो बैलिस्टिक मिसाइलों और यमन सीमा के पास दक्षिण-पश्चिम में खमीस मुशेत की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही रोककर नष्ट कर दिया.





