खबर

अमेरिका का नया टैरिफ बम, भारत पर 25% तक टैक्स का प्रस्ताव, चीन पर सबसे बड़ा प्रहार | US Proposes Up To 25% Tariff On Indian Imports, New Trade Plan Targets China, EU And Key Partners



अमेरिका ने भारत, चीन, यूरोपीय संघ (EU) समेत अपने कई प्रमुख व्यापारिक साझेदारों पर नए टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) ने आठ महीने की जांच के बाद यह कदम उठाया है. प्रशासन का दावा है कि कई देशों में अत्यधिक विनिर्माण क्षमता और सरकारी सब्सिडी अमेरिकी उद्योगों को नुकसान पहुंचा रही है. प्रस्ताव के अनुसार भारत पर 25 फीसदी तक तो वहीं चीन पर 40 फीसदी टैरिफ लग सकता है.

कहां कितना टैरिफ लगाने का प्रस्ताव?

USTR के प्रस्ताव के मुताबिक भारत, कंबोडिया, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, ताइवान और थाईलैंड पर 25% तक टैरिफ लगाने की सिफारिश की गई है. हालांकि इन देशों के लिए अधिकतम प्रभावी दरों को सीमित करने का भी प्रस्ताव रखा गया है. वहीं बांग्लादेश, यूरोपीय संघ, जापान, स्विट्जरलैंड और सिंगापुर पर 20% तक, वियतनाम पर 35% तक और चीन पर 40% तक टैरिफ की सिफारिश की गई है.

अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, चीन पर प्रस्तावित टैरिफ कई मामलों में पहले से लागू टैरिफ के अतिरिक्त होंगे, जिससे कुछ उत्पादों पर कुल टैक्स 40% से ज्यादा पहुंच सकता है. वियतनाम के लिए भी ऊंची दरों की सिफारिश की गई है, हालांकि मौजूदा बातचीत के चलते फिलहाल कम दरें प्रस्तावित की गई हैं.

कब लागू हो सकता है नया टैरिफ?

USTR का कहना है कि ये नए टैरिफ तुरंत लागू नहीं होंगे. अधिकारियों के मुताबिक जनवरी 2027 से पहले इनके लागू होने की संभावना कम है. चीन के साथ मौजूदा व्यापार समझौता 10 जनवरी को समाप्त होने वाला है, इसलिए इस मुद्दे पर आगे की वार्ताओं पर भी नजर रहेगी.

टैरिफ प्रस्ताव में सेमीकंडक्टर, ऑटोमोबाइल, स्टील और एल्युमिनियम जैसे कुछ प्रमुख क्षेत्रों को शामिल नहीं किया गया है, क्योंकि इन पर शुल्क निर्धारण की अलग प्रक्रिया और कानूनी व्यवस्था लागू होती है.

ट्रंप प्रशासन का तर्क है कि इन नए टैरिफ का उद्देश्य विदेशों द्वारा दी जा रही गलत सब्सिडी और अतिरिक्त उत्पादन क्षमता से अमेरिकी उद्योगों को होने वाले नुकसान की भरपाई करना है. वहीं एक्सपर्ट्स इसे वैश्विक व्यापार व्यवस्था के लिए बड़ा झटका मान रहे हैं, क्योंकि इससे अमेरिका और उसके प्रमुख व्यापारिक साझेदारों के बीच तनाव बढ़ सकता है.

यह भी पढ़ें | चंद सेकंड में आग का गोला बना यात्री विमान; ईरान के एयरपोर्ट पर मिसाइल अटैक, 9 महीने बाद सामने आया वीडियो




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button