

नई दिल्ली:
अमिताभ बच्चन अपनी जिंदगी से जुड़े कई किस्सों को रियलिटी गेम शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में शेयर करते हैं. वहीं लेटेस्ट एपिसोड में उन्होंने भाई-बहनों के बीच के अनोखे रिश्ते पर गहराई से बात की. होस्ट बिग बी ने बताया कि हर समय एक-दूसरे से लड़ने के बावजूद, मुश्किल समय में भाई-बहन एक-दूसरे के लिए सबसे पहले खड़े होते हैं. उन्होंने शो के दौरान कहा, “भाई-बहन का जो रिश्ता होता है न बड़ा अनोखा होता है… एक दूसरे से लड़ते भी हैं और एक दूसरे की टांग भी खींचते हैं, लेकिन जरूरत पड़े तो सबसे पहले साथ भी वही खड़े रहते हैं.”
अमिताभ बच्चन ने बताया पर्सनल एक्सपीरियंस
अपने पर्सनल एक्सपीरियंस के बारे में बात करते हुए, बिग बी ने बताया कि बड़े भाई-बहनों के मुकाबले सबसे छोटा बच्चा अक्सर बहुत कुछ कर जाता है. लेजेंडरी एक्टर ने शेयर किया, “जो घर का छोटा होता है ना, तो क्योंकि वो छोटा है, सब लोग उसको माफ कर देते हैं और जितने बड़े हैं ना उससे, उनको इतनी मार पड़ती है… कुछ भी करेंगे वो, लेकिन उनको कुछ नहीं बोला जाता है.”
अमिताभ बच्चन ने बताया
अमिताभ ने माना कि उन्होंने अपने घर में भी ऐसा ही डायनामिक देखा है. उन्होंने बताया कि घर के छोटे लोग उन्हें परेशान करते थे लेकिन फिर भी उन्हें कभी सजा या डांट नहीं पड़ती थी. बिग बी ने याद करते हुए कहा, “हमारे यहां पर भी ऐसा ही है, जो छोटे थे, हमको बहुत मारते थे, इधर-उधर करते थे, उनको कुछ नहीं बोला जाता था. हमारे परिवार में भी ऐसा ही था, सर. छोटे बच्चे हमें परेशान करते थे और हमारे साथ तरह-तरह की हरकतें करते थे, लेकिन उन्हें कभी कुछ नहीं बताया जाता था.”
अमिताभ बच्चन के भाई के बारे में
बेहद कम लोग जानते हैं कि अमिताभ बच्चन के एक छोटे भाई हैं, जो उनसे 5 साल छोटे हैं और उनका नाम अजिताभ बच्चन हैं. वह लाइमलाइट से दूर रहते हैं और वह एक बिजनेसमैन हैं. वहीं बिग बी की कोई सगी बहन नहीं है.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)





