

मुंबई:
अब मुंबई में अपराधी सिर्फ कैमरे की नजर में नहीं होंगे, बल्कि AI की नजर में होंगे. राज्य सरकार फरवरी 2027 तक शहर में 5,000 नए AI-इनेबल्ड सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी कर रही है. ये वो कैमरे नहीं होंगे जो सिर्फ रिकॉर्ड करते रहें और घटना के बाद पुलिस फुटेज खंगालती रहे. ये कैमरे घटना होने से पहले ही अलर्ट बजा देंगे. इन नए कैमरों में फेस रिकग्निशन, थर्मल इमेजिंग और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट पहचान जैसी सुविधाएं होंगी.
शहर का हर बड़ा कैमरा एक ही नेटवर्क से जुड़ेगा!
इन AI-इनेबल्ड सीसीटीवी कैमरों की पकड़ से शायद ही कोई अपराधी बचकर निकल पाए. अगर कोई वांटेड अपराधी किसी भीड़ भरे इलाके से गुजरा, तो कैमरा उसका चेहरा पहचानकर कंट्रोल रूम को तुरंत सूचना दे देगा. अगर कोई गाड़ी तेज रफ्तार में है, रेड लाइट तोड़ रही है, या बिना हेलमेट के जा रही है, तो चालान अपने आप कट जाएगा. सबसे बड़ा बदलाव ये है कि अब पुलिस को सिर्फ अपने कैमरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. नई व्यवस्था के तहत पुलिस जरूरत पड़ने पर फाइव स्टार होटल, कॉर्पोरेट ऑफिस, मॉल और बड़े रिहायशी परिसरों के CCTV फुटेज भी एक्सेस कर सकेगी. यानी शहर का हर बड़ा कैमरा एक ही नेटवर्क से जुड़ा होगा.
…तो न होती कुर्ला की घटना!
बता दें कि कुछ दिन पहले कुर्ला के प्रमोद महाजन गार्डन में एक युवा कपल पर हमला हो गया था. फीनिक्स मॉल के पीछे स्थित इस पार्क में कपल फोटो खिंचवा रहा था, तभी 8 से 10 लड़कों के समूह ने पहले उन पर टिप्पणियां कीं और विरोध करने पर डंडों, लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया. पूरा मामला तब सामने आया, जब किसी ने मोबाइल से वीडियो बनाकर वायरल कर दिया. तब जाकर पुलिस ने 8 नाबालिगों को हिरासत में लिया और BNS की धाराओं में केस दर्ज किया.
सवाल ये उठा कि अगर पार्क में ही स्मार्ट कैमरा होता जो झगड़े की शुरुआत में ही अलर्ट भेज देता, तो क्या कपल को इतनी पिटाई झेलनी पड़ती? अधिकारियों का कहना है कि यही तो नई व्यवस्था का मकसद है. अब जांच घटना के बाद नहीं, घटना से पहले होगी. AI सिस्टम संदिग्ध गतिविधि, भीड़ का अचानक जमा होना, किसी व्यक्ति का भागना, या हथियार जैसी चीज को पहचानकर पुलिस को रियल-टाइम अलर्ट देगा.
ये भी पढ़ें:- कर्नाटक में कार को बचाने के चक्कर में खाई में जा गिरी तेज रफ्तार बस, 30 से ज्यादा यात्री थे सवार
प्राइवेसी पर भी सवाल
हालांकि, इस हाईटेक निगरानी पर प्राइवेसी को लेकर भी बहस शुरू हो गई है. हर चेहरे को स्कैन करना, होटल-मॉल के फुटेज तक पुलिस की पहुंच… क्या ये सुरक्षा है या निगरानी? सरकार का कहना है कि इसका इस्तेमाल सिर्फ अपराध रोकने और ट्रैफिक संभालने के लिए होगा. लेकिन एक बात तय है- कुर्ला जैसी घटनाओं के बाद मुंबईकर अब यही चाहते हैं कि पार्क में घूमते वक्त कोई अदृश्य आंख उनकी सुरक्षा करे, और वो आंख अब AI की होगी.
ये भी पढ़ें:- फूंक मारी और गहने गायब…ढोंगी बाबा ने दुख दूर करने के बहाने ज्वेलरी शॉप से ऐसे उड़ाए सोने और डायमंड के गहने





