

मोदी सरकार ने इस बार परिसीमन और महिला आरक्षण बिल को संसद से पास कराने के लिए सारे गुणा-भाग कर लिए हैं. सरकार के टॉप सूत्रों का कहना है कि परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक संसद में इस बार आसानी से पारित होंगे. सरकार के पास दो-तिहाई से अधिक संख्या है. अधिकांश दल बिलों के समर्थन में हैं.
सूत्रों ने एनडीटीवी को बताया कि संभव है कि विपक्ष संभावित हार को देखते हुए अपनी बात रखने के बाद वॉकआउट ही कर जाए. सूत्रों ने साफ किया कि पीएम मोदी ने बिल गिरने के बाद 18 अप्रैल को राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा था महिलाओं को आरक्षण देकर रहेंगे. अब पीएम अपना वादा पूरा कर रहे हैं.
पीएम का वादा
लोकसभा और विधानसभा दोनों में बदलाव
केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव किया है. इसके तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 करने का प्रावधान किया गया है. साथ ही, नए परिसीमन के बाद निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और सीटों के आवंटन को वर्ष 2051 तक यथावत रखने का प्रस्ताव है.
सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने के उद्देश्य से सोमवार से आरंभ हो रही संसद की विशेष बैठक में तीन विधेयक पेश करेगी. इनमें दो संविधान संशोधन विधेयक होंगे, जबकि तीसरा केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित होगा. प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 होगी, जिसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य होंगे. इसके अलावा, कुछ केंद्र शासित प्रदेशों को छोड़कर प्रत्येक राज्य में लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी. राज्य विधानसभाओं की सीटों की संख्या भी इसी अनुपात में बढ़ाने का प्रस्ताव है.
यह भी पढ़ें | परिसीमन बिल का समर्थन क्यों? शरद पवार ने कांग्रेस को बता दी अपनी ‘मजबूरी’





