
International Yoga Day 2026: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) पर दुनिया योग के महत्व को समझने और अपनाने का संदेश देती है. इस मौके पर हम आपको मध्यप्रदेश के रीवा के एक ऐसे युवा योग साधक से रूबरू करा रहे हैं, जिसे लोग प्यार से ‘रबर बॉय’ के नाम से जानते हैं. अपनी अद्भुत लचक, कठिन योगासन और असाधारण प्रतिभा के दम पर आदर्श पांडे ने न केवल प्रदेश बल्कि देशभर में पहचान बनाई है. उनके नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड समेत छह प्रतिष्ठित रिकॉर्ड दर्ज हैं. योग के कई कठिन आसनों को सहजता से करने वाले आदर्श आज युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं और रीवा सहित पूरे प्रदेश में योग को नई पहचान दिला रहे हैं. NDTV की टीम ने इस रबर बॉय यानी आदर्श पांडे से उनकी यात्रा के बारे में बात की. जानिए उन्होंने क्या कुछ कहा.
रीवा का रबर बॉय बना योग की पहचान
रीवा निवासी आदर्श पांडे अपनी असाधारण शारीरिक लचक और योग कौशल के कारण पूरे क्षेत्र में ‘रबर बॉय’ के नाम से प्रसिद्ध हैं. कठिन से कठिन योगासन को सहजता से करने की उनकी क्षमता लोगों को आश्चर्यचकित कर देती है. योग के क्षेत्र में लगातार अभ्यास और समर्पण के बल पर आदर्श ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है. उनकी योग क्रियाएं देखने वालों के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं होतीं.

International Yoga Day 2026: योग की विभिन्न मुद्रा में आदर्श पांडे
84 योगासन में दक्ष, 32 पर विशेष महारत
आदर्श पांडे को कुल 84 योगासन करने का ज्ञान है. इनमें से 32 प्रमुख और कठिन आसनों में उन्होंने विशेष दक्षता हासिल की है. उर्ध्वमुखी आसन, कैलाश आसन और शरीर की अत्यधिक लचक वाले कई जटिल आसनों को वे बेहद सहजता के साथ करते हैं. यही वजह है कि योग प्रेमी और प्रशिक्षक भी उनकी प्रतिभा की सराहना करते हैं.
बिना औपचारिक प्रशिक्षण बने योग मास्टर
आदर्श की सफलता की सबसे खास बात यह है कि उन्होंने किसी बड़े संस्थान से योग की औपचारिक शिक्षा नहीं ली. उन्होंने अपने बड़े भाई लकी पांडे से योग की शुरुआती बारीकियां सीखीं और इसके बाद यूट्यूब के माध्यम से लगातार अभ्यास करते रहे. मेहनत और लगन ने उन्हें योग के क्षेत्र का जाना-पहचाना नाम बना दिया. आज वे स्वयं कई युवाओं और योग साधकों को प्रशिक्षण दे रहे हैं.

International Yoga Day 2026: आदर्श पांडे एक और योग मुद्रा में
इनके नाम दर्ज हैं 6 रिकॉर्ड
आदर्श पांडे के नाम छह प्रतिष्ठित रिकॉर्ड दर्ज हैं. इनमें शामिल हैं:
- लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड
- एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड
- वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड
- इंडिया गेटवे ऑफ रिकॉर्ड
- इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड
- राष्ट्रीय स्तर के अन्य रिकॉर्ड
इन उपलब्धियों ने उन्हें प्रदेश के प्रमुख युवा योग प्रतिभाओं में शामिल कर दिया है.

International Yoga Day 2026: योग के दौरान आदर्श
मध्यप्रदेश के लिए जीते दो गोल्ड मेडल
आदर्श ने योग प्रतियोगिताओं में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए दो स्वर्ण पदक भी हासिल किए हैं. इसके अलावा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उन्होंने पांचवां स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. उनकी उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई हैं.
जेल में कैदियों को भी देते हैं योग प्रशिक्षण
योग को केवल प्रतियोगिता तक सीमित न रखते हुए आदर्श सामाजिक सरोकारों से भी जुड़े हुए हैं. वे रीवा की सेंट्रल जेल में बंद कैदियों को योग का प्रशिक्षण देते हैं. उनका मानना है कि योग व्यक्ति को मानसिक शांति, अनुशासन और संयम के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है. आदर्श का उद्देश्य है कि जेल से बाहर आने के बाद कैदी सकारात्मक सोच के साथ समाज में नई शुरुआत कर सकें.

International Yoga Day 2026: आदर्श पांडे का योग
गुरुओं को देते हैं सफलता का श्रेय
आदर्श अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुओं को देते हैं. उनके प्रमुख मार्गदर्शकों में जगतगुरु विद्याभास्कर जी महाराज, उज्जैन के मलखंभ विशेषज्ञ शुभम शर्मा और उनके बड़े भाई लकी पांडे शामिल हैं. इनके मार्गदर्शन और प्रेरणा ने आदर्श को योग के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास दिया.
युवाओं को योग से जोड़ने का सपना
आदर्श पांडे का सपना है कि रीवा और मध्यप्रदेश के अधिक से अधिक युवा योग से जुड़ें और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करें. वे मानते हैं कि अब योग केवल आध्यात्मिक साधना ही नहीं, बल्कि करियर और प्रतियोगिता का भी बड़ा मंच बन चुका है. इसी उद्देश्य से वे लगातार नई पीढ़ी को प्रशिक्षण दे रहे हैं.
यह भी पढ़ें : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले MP में बड़ा आयोजन; 14 जून को स्पेशल सेशन, CM मोहन यादव की खास अपील
यह भी पढ़ें : डेयरी योजना घोटाला? उमंग सिंघार बोले- MP में दलित-आदिवासियों के नाम पर सब्सिडी की लूट, किसान कल्याण पर भी घेरा
यह भी पढ़ें : सर्पदंश मुआवजा घोटाला: बिलासपुर में पैसों का बंटरबांट; 14 मामलों में FIR, वकील-डॉक्टर समेत आवेदकों की मिलीभगत
यह भी पढ़ें : NEET UG 2026 Re-Exam: नीट स्पेशल ट्रेन या सिर्फ कागजी राहत? परीक्षा 21 जून को, वापसी ट्रेन 20 जून को ही रवाना
लेखक के बारे में
जावेद अंसारी
संवाददाता




