

नई दिल्ली:
मेटा का मैसेंजर प्लेटफॉर्म WhatsApp ने हाल ही में नया अपडेट दिया है. इस अपडेट में अब यूनिक यूजरनेम के जरिए भी लोग एक-दूसरे को मैसेज और कॉल कर पाएंगे. इस फीचर को लेकर विवाद भी खड़ा हो गया है. कुछ लोगों ने चिंता जताई है कि इससे लोगों की प्राइवेसी को नुकसान हो सकता है. इसे लेकर WhatsApp के प्रवक्ता से NDTV ने खास बातचीत की है.
उन्होंने बताया कि यूजरनेम इस्तेमाल करने की सुविधा अभी शुरू नहीं हुई है, इसे इस साल के आखिर में धीरे-धीरे रोल आउट किया जाएगा. उन्होंने यह भी साफ किया कि WhatsApp इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को अभी भी फोन नंबर की जरूरत होगी.
WhatsApp के प्रवक्ता ने NDTV Profit को बताया कि मशहूर हस्तियों, सरकारी संस्थाओं और सेलिब्रिटीज जैसे हाई-प्रोफाइल नामों को WhatsApp ने सुरक्षित रखा है, ताकि सिर्फ असली मालिक ही उन्हें क्लेम कर सकें. जाने-माने नामों से मिलते-जुलते नामों को भी रिजर्व रखा गया है.
उन्होंने बताया कि WhatsApp इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को अभी भी फोन नंबर की जरूरत होगी. यूजरनेम के साथ स्कैम से बचने के लिए सुरक्षा की कई लेयर बनाई गई हैं. मैसेज करने के लिए दूसरे यूजर्स को सही यूजरनेम पता होना चाहिए.
WhatsApp ने बताया कि एक अकाउंट कितने नए लोगों से संपर्क कर सकता है, इस पर लिमिट तय की जाएगी और किसी का यूजरनेम अंदाजे से पता लगाने की कोशिशों को रोका जाएगा. ऐसे सिस्टम मौजूद हैं जो दूसरों की नकल करने या गलत व्यवहार जैसी गतिविधियों को हटा देंगे. जब किसी यूजर को यूजरनेम के जरिए संपर्क किया जाएगा, तो जानकारी दिखाई देगी, जैसे कि क्या वह नया अकाउंट है, कॉन्टैक्ट है, कॉमन ग्रुप्स हैं या किस देश का है.





