
दुनिया में दर्द बहुत हैं. इतना कि लोगों को मरना आसान लग रहा है और जीना मुश्किल. महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में शुक्रवार दोपहर खबर आई कि एक युवक ने आईफोन के लिए पहाड़ से कूदकर आत्महत्या कर ली. उसे बचाने में उसके पिता भी कूद गए और दुख में मां भी कूद गई.इस तरह से तीनों की मौत हो गई. पुलिस ने तीनों की पहचान झाल्टा फाटा इलाके के निवासी मुरलीधर चांदगुड़े (48), उनकी पत्नी संगीता और उनके 19-वर्षीय बेटे कुणाल के रूप में की. अब एक नये वीडियो ने पूरी कहानी को नया एंगल दे दिया है. नई बात जानने से पहले जान लीजिए आखिर उस दिन क्या-क्या हुआ…
क्या हुआ था उस दिन
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनाक्रम की शुरुआत सुबह करीब 10 बजे उस समय हुई, जब कुणाल नया मोबाइल फोन लेने की अपनी मांग को लेकर माता-पिता से हुए विवाद के बाद नाराज होकर पहाड़ी पर चढ़ गया. उन्होंने बताया कि बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंतित मुरलीधर और संगीता उसे समझाने एवं घर वापस लाने के लिए पहाड़ी की चोटी तक उसके पीछे गए. अधिकारियों ने बताया कि विवाद का पता चलने के बाद स्थानीय ग्रामीण, पुलिसकर्मी और अग्निशमन के अधिकारी बचाव अभियान में मदद के लिए मौके पर जमा हो गए.

अग्निशमन सेवा के कर्मचारियों ने पहाड़ी के नीचे एक सुरक्षा जाल बिछाने की कोशिश की, लेकिन कुणाल चट्टान के किनारे अपनी जगह बदलता रहा, जिससे सुरक्षाकर्मियों की कोशिशें नाकाम हो गईं.उन्होंने बताया कि अपराह्न करीब एक बजे जब मुरलीधर अपने बेटे को समझाने के लिए उसके करीब पहुंच गए, तब कुणाल पहाड़ी से कूद गया. अधिकारी ने बताया कि मुरलीधर ने उसे बचाने की कोशिश की, जिससे दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पहाड़ी की चोटी से नीचे गिर गए. उन्होंने बताया कि अपने पति और बेटे को मौत के करीब जाते देख संगीता ने भी कुछ ही पल बाद पहाड़ी से छलांग लगा दी.

इस घटना ने पूरे देश को सन्न कर दिया. क्या एक आईफोन की जिद के कारण एक युवक जान दे सकता है. इसके बाद इस परिवार में लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई. कई वीडियो वायरल हुए. इसमें परिवार हंसी-खुशी दिखा. परिवार में संस्कार भी खूब नजर आए. कुणाल अपनी मां संगीता को बहुत प्यार करता था. ये भी वीडियो में दिखा. फिर एक छोटी सी बात पर उसने क्यों सुसाइड का फैसला कर लिया.
छत्रपति संभाजीनगर में iPhone के लिए पहाड़ी से कूदने वाले लड़के के कुछ पुराने वीडियो सामने आए हैं, जिसमें वह अपनी मां की पूजा करता नजर आ रहा है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि मां से इतना प्यार करने वाला बेटे ने आखिर ऐसा कदम क्यों उठाया. pic.twitter.com/wdAfzeufCl
— NDTV India (@ndtvindia) August 23, 2026
नया वीडियो वायरल क्यों महत्वपूर्ण
अब एक नया वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में संगीता अपना दर्द बयां कर रही हैं और किसी पर प्रॉपर्टी विवाद के चलते परिवार को तोड़ने का आरोप लगा रही हैं. वीडियो में संगीता कहती हैं, “मेरा और मेरे बेटे का हक मारा, प्रॉपर्टी के लिए. भाई-भाई और मां-बाप को कभी एक नहीं होने दिया. मेरा हंसता-खेलता परिवार तुमने बर्बाद कर दिया. मेरे परिवार में जो तुमने जहर घोला… मेरे बेटे को उसके माता-पिता से दूर किया. ये जो पाप है ना… तुम्हारी आने वाली सात पीढ़ियां भुगतेंगी. ये मेरा श्राप है.”
इस वीडियो के सामने आने के बाद अटकलें और जोर पकड़ रही हैं कि इस आत्महत्या के पीछे सिर्फ आईफोन की ईएमआई ही नहीं, बल्कि एक गहरा पारिवारिक और प्रॉपर्टी विवाद था. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि संगीता का यह इशारा किसकी तरफ था और परिवार में असल विवाद क्या था.
तीनों का हुआ अलग-अलग अंतिम संस्कार
एनडीटीवी की टीम से पड़ोसियों ने बताया कि मुरलीधर का उनकी पत्नी संगीता और बेटे कुणाल से कुछ महीनों से विवाद भी चल रहा था. विवाद के कारण पिता अलग गांव में तो मां-बेटे एक दूसरे गांव में रह रहे थे. तीनों की दर्दनाक मौत के बाद अंतिम संस्कार भी अलग-अलग जिलों में हुआ. मुरलीधर का अंतिम संस्कार का जालना जिले के उनके पैतृक गांव धनगर पिंपलगांव में हुआ तो मां-बेटे का संभाजीनगर जिले मुकुंदवाडी श्मशान में हुआ. मुकुंदवाडी संगीता का मायका है. जहां संगीता कुछ दिनों से अपने बेटे कुणाल के साथ रहा करती थी.
तीनों का दाह-संस्कार बिना मीडिया की जानकारी में आनन-फानन में हुआ. ग्राउंड रिपोर्ट के दौरान यह जानकारी मिली की कुणाल के iPhone की EMI का पेमेंट बाकी था. जिसे लेकर उसके पिता के साथ उसकी तीखी बहस हुई थी. इसके बाद, कुणाल आत्महत्या करने के इरादे से खवड्या पहाड़ी पर चला गया. पीछे-पीछे उसकी मां संगीता भी तुरंत वहां पहुंची और बेबस होकर उससे पीछे हटने की गुहार लगाने लगी.
यह भी पढ़ें-
बेटी के सामने अमेरिका में भारतीय दुकान मालिक की गोली मारकर हत्या
| हेल्पलाइन | |
|---|---|
| वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ | 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (सोमवार से शनिवार तक उपलब्ध – सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक) |
| (अगर आपको सहारे की ज़रूरत है या आप किसी ऐसे शख्स को जानते हैं, जिसे मदद की दरकार है, तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ के पास जाएं) | |





