खबर

IITs के बाद अब IIM भी हो रहे ग्लोबल, दुबई के बाद इंडोनेशिया में कैंपस खुलने का क्या होगा फायदा? | india higher education goes global iit iim global campuses list after iim bangalore indonesia campus announcement



IIT-IIM Global Campus: कुछ साल पहले तक विदेशों में पढ़ने जाना ही बड़ी बात मानी जाती थी, लेकिन अब तस्वीर काफी बदल चुकी है. भारत के बड़े संस्थान खुद दुनिया के अलग-अलग देशों में अपने कैंपस खोल रहे हैं. पहले IIT के कैंपस कई देशों में खुले और अब IIM भी ग्लोबल होने लगे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया में आईआईएम बेंगलुरु (IIM Bangalore) का पहला इंटरनेशनल कैंपस खोलने का ऐलान किया है. इससे पहले आईआईएम अहमदाबाद (IIM Ahmedabad) ने दुबई में अपना विदेशी कैंपस शुरू किया था. आइए जानते हैं अब तक किन देशों में भारतीय संस्थानों के कैंपस खुल चुके हैं.

IIM बैंगलोर का नया कैंपस कहां खुलेगा

IIM बैंगलोर का यह नया कैंपस इंडोनेशिया के मलंग शहर में मौजूद ‘सिंघासारी विशेष आर्थिक क्षेत्र’ (SEZ) में बनाया जाएगा. यह IIM बैंगलोर का पहला विदेशी कैंपस होगा. इस कैंपस को शुरू करने के लिए IIM बैंगलोर और सिंघासारी SEZ की देखरेख करने वाली कंपनी ‘पीटी इंटेलीजेंसिया’ के बीच एक समझौता भी हो चुका है. पीएम मोदी ने अपने इंडोनेशिया दौरे पर इसका ऐलान किया. उन्होंने कहा कि इस नए कैंपस का सबसे ज्यादा फायदा आसियान (ASEAN) क्षेत्र के युवाओं को मिलेगा और इससे भारत-इंडोनेशिया के रिश्ते और मजबूत होंगे.

नए कैंपस में कौन-कौन से कोर्स चलेंगे

इस नए विदेशी कैंपस में पढ़ाई का काम दो फेज में पूरा किया जाएगा. पहले फेज में (शुरुआती 2 साल) बड़ी कंपनियों के सीनियर अधिकारियों, बिजनेस लीडर्स और सरकारी अफसरों के लिए खास ट्रेनिंग प्रोग्राम यानी एग्जीक्यूटिव एजुकेशन चलाए जाएंगे. जब पहले दो साल का सफर सफल रहेगा, तो फिर दूसरे फेज में मैनेजमेंट की डिग्री देने वाले रेगुलर कोर्स भी शुरू कर दिए जाएंगे. खास बात ये है कि इंडोनेशिया के इस कैंपस में पढ़ने वाले छात्रों को कुछ समय के लिए भारत में बेंगलुरु वाले मेन कैंपस में आकर भी पढ़ाई करने का मौका मिलेगा.

इस कैंपस में क्या-क्या पढ़ाया जाएगा

  • आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)
  • डिजिटल परिवर्तन (Digital Transformation)
  • क्लाइमेट और सस्टेनेबिलिटी (जलवायु और स्थिरता)
  • हेल्थकेयर मैनेजमेंट
  • ग्लोबल सप्लाई चेन

अब तक किन देशों में पहुंचे IIT-IIM

IIM अहमदाबाद, दुबई (UAE)

सितंबर 2025 में इस मैनेजमेंट संस्थान ने खाड़ी देश में अपना कदम रखा है. दुबई कैंपस में मुख्य रूप से उन लोगों को ध्यान में रखकर कोर्स तैयार किए गए हैं, जिनके पास काम का अच्छा एक्सपीरिएंस है. यहां एक्सपीरियंस्ड प्रोफेशनल्स के लिए 1 साल का स्पेशल फुल टाइम MBA और जनरल मैनेजमेंट प्रोग्राम चलाया जा रहा है.

IIT मद्रास, जांजीबार (तंजानिया)

साल 2023 में आईआईटी मद्रास का कैंपस तंजानिया के जांजीबार में खुला. यह विदेशों में खुलने वाला पहला IIT कैंपस है. इस कैंपस में डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइंस और इंजीनियरिंग से जुड़े एडवांस कोर्स पढ़ाए जा रहे हैं.

IIT दिल्ली, अबू धाबी (UAE)

संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में IIT दिल्ली का यह शानदार ग्लोबल कैंपस सितंबर 2024 में शुरू हुआ. यहां टेक्नोलॉजी और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में भविष्य की जरूरतों को देखते हुए बेहद एडवांस और हाई-टेक कोर्स कराए जा रहे हैं, जिसका फायदा मिडिल ईस्ट के छात्रों को मिल रहा है.

IIT-IIM के विदेशी कैंपस से क्या होगा फायदा?

  • विदेश में रहकर भी IIT और IIM की डिग्री लेने का मौका मिलेगा.
  • दूसरे देशों के टीचर्स और लोगों के साथ सीखने का एक्सपीरियंस मिलेगा.
  • दूसरे देशों में जाकर पढ़ाई और नए प्रोजेक्ट्स पर काम करने के ज्यादा मौके मिलेंगे.
  • बड़ी विदेशी कंपनियों में इंटर्नशिप और नौकरी पाने की संभावना बढ़ेगी.
  • भारतीयों के लिए विदेश में पढ़ाई का अनुभव पहले के मुकाबले आसान और कम खर्च में मिल सकता है.

ये भी पढ़ें – सरकारी स्कूलों में आखिर क्या-क्या बदल गया? नई रिपोर्ट में बताए गए ये 10 बड़े बदलाव




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button