
पेपर लीक की घटना के बाद देशभर में रविवार (21 जून) को नीट 2026 की दोबारा परीक्षा होने जा रही है. इस परीक्षा में देशभर के 22 लाख छात्र बैठेंगे. यह परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शुरू होगी और शाम 5:15 बजे तक खत्म होगी. इसके लिए लगभग 3 घंटे 15 मिनट का समय निर्धारित किया गया है. छात्रों को परीक्षा केंद्र पर समय से रिपोर्ट करना होता है और परीक्षा केंद्रों के गेट 1:30 बजे सख्ती से बंद कर दिए जाते हैं.
अब इस परीक्षा को लेकर एनटीए की तरफ से देश के अलग-अलग राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जा रही है. यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान में प्रशासन द्वारा कड़ी तैयारी की गई है. पेपर के लिए AI बेस्ड मॉनिटरिंग सिस्टम लगाया गया है. साथ ही CCTV और पुलिस का कड़ा पहरा रखा जा रहा है. NEET एग्जाम को लेकर सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं.
यूपी के लखनऊ में कैसी है व्यवस्था
री नीट परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थी जुटना शुरू हो गए हैं. अभ्यर्थियों का आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन, फेस पहचान और लाइव फोटो ली जाएगी. परीक्षा से पहले 4 स्तर पर जांच होगी. मोबाइल, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रिक उपकरणों पर बैन रहेगा. परीक्षा सेंटर पर सीसीटीवी, AI आधारित निगरानी उड़न दस्ते और सिगनल जैमर तैनात रहेंगे.
इस बार परीक्षा अवधि बढ़ाकर 195 मिनट की गई है. छात्र समय से पहले बाहर नहीं निकल सकेंगे. प्रश्न पत्र तैयार करने वाले विशेषज्ञों को इंटरनेट और मोबाइल से अलग सुरक्षित कमरों में रखा गया है. प्रश्न पत्रों के परिवहन के समय सुरक्षाकर्मी शस्त्र के साथ तैनात रहेंगे. प्रश्न पत्रों की प्रिंटिंग सीसीटीवी की निगरानी में हुई है. साथ ही हर पेपर पर पहचान चिन्ह रहेगा. इसके अलावा ओएमआर शीट सुरक्षा कर्मियों की निगरानी में मूल्यांकन केंद्र तक पहुंचाई जाएंगी.
ग्रेटर नोएडा में कड़ी सुरक्षा के बीच 21 जून को गौतमबुद्ध नगर के 23 केंद्रों पर नीट परीक्षा होगी. नकल विहीन कराने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है. शासन के निर्देश पर इस बार परीक्षा केंद्रों पर पुलिस के साथ प्राइवेट सुरक्षा एजेंसी को भी तैनात किया गया है. जिले में करीब 400 पुलिसकर्मी की निगरानी में परीक्षा होगी. इसके अलावा हर जोन में डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और कोतवाली प्रभारी भी निगरानी करेंगे. वहीं 23-23 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की टीम तैनात रहेगी.
बिहार में ऐसी हैं तैयारियां
नीट परीक्षा के प्रश्न पत्रों को कड़ी सुरक्षा के बीच बापू परीक्षा केंद्र लाया गया है. बापू परीक्षा परिसर देश का सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र है. जिस पर अभ्यर्थियों का पहुंचना शुरू हो गया है. बिहार के 35 शहरों में 331 परीक्षा केंद्र पर री नीट की परीक्षा आयोजित होगी. इसमें बापू परीक्षा परिसर में 1 लाख 56 हजार 61 परीक्षार्थी शामिल होंगे.
पटना में 95 परीक्षा केंद्रों पर 46 हजार 29 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. एग्जाम से पहले बापू परीक्षा केंद्र को हाई-सिक्योरिटी जोन में तब्दील कर दिया गया है. किसी भी धांधली को रोकने के लिए जैमर और सीसीटीवी लगाए गए हैं.
पेपर से पहले अभिभावकों, अभ्यर्थियों में आक्रोश है. वे सभी डरे हुए हैं. सवाल पूछ रहे हैं कि इस बार भी पेपर लीक नहीं होगा इसकी क्या गारंटी है. NTA इन सब के लिए जिम्मेदार है. यह भी कहना है कि फ्री बस सेवा, स्पेशल ट्रेनें बस नाम के लिए चल रही, अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए व्यवस्था नहीं है.
छत्तीसगढ़ में 45 हजार बच्चे देंगे परीक्षा
छत्तीसगढ़ में 45 हज़ार कैंडिडेट Neet-UG 2026 की दोबारा परीक्षा देंगे. जिसके लिए प्रदेश भर में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा देने वाले कैंडिडेट्स में 28 हज़ार 100 छात्र छत्तीसगढ़ राज्य के हैं. इसके अलावा राजधानी रायपुर में करीब 25 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी.
परीक्षा केंद्रों पर रिपोर्टिंग टाइम सुबह 11:00 बजे निर्धारित किया गया है. बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और फ्रिस्किंग शुरू होगी. परीक्षा केंद्र पर छात्रों को दोपहर 1:30 बजे तक प्रवेश मिल सकेगा. दिव्यांग अभ्यर्थियों को 65 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा.
मध्य प्रदेश के भोपाल में इस तरह हैं इंतजाम
मध्य प्रदेश के भोपाल में भी परीक्षा के मद्देनजर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. अभ्यर्थियों को टाइम टेबल एवं निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है. परीक्षा केंद्र में प्रवेश का अंतिम समय दोपहर 1:30 बजे है. मोबाइल फोन सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे.
CM योगी से लेकर देवेंद्र फडणवीस तक, योग दिवस पर इन मुख्यमंत्रियों ने किया योगासन, देखें खास तस्वीरें
अभ्यर्थियों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं. हल्के रंग के साधारण वस्त्र पहनने तथा मोटे कपड़ों, बड़े बटन, अधिक जेबों वाले परिधानों, आभूषणों, घड़ियों, बेल्ट एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं से परहेज करने के निर्देश दिए हैं.
री नीट को लेकर दिल्ली में तैयारियां पूरी
दिल्ली में नीट री एग्जाम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. दिल्ली में कुल 97 एग्जाम सेंटर बनाए गए हैं. एग्जाम सेंटर के बाहर पैरेंट्स के लिए कूलिंग जोन बनाया गया है, ताकि गर्मी में पैरेंट्स एसी कूलिंग जोन में बैठकर अपने बच्चे का इंतजार कर सकें.
एग्जाम सेंटर के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. दिल्ली पुलिस के साथ-साथ अर्ध सैनिक बलों को लगाया है. वहीं एग्जाम सेंटर में परीक्षार्थी को क्या लेकर जाना है क्या नहीं, इसका भी नोटिस एग्जाम सेंटर के बाहर लगाया गया है.
राजस्थान में भी सुरक्षा चाक-चौबंद
पिंक सिटी जयपुर में रविवार को होने वाली री नीट परीक्षा के लिए 103 सेंटर्स बनाए गए हैं. दोपहर 2:00 बजे से होने वाली परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों का सेंटर पहुंचना शुरू हो गया है. सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं. सभी केंद्रों पर पुलिस का सख्त पहरा है.
बिना सघन तलाशी के स्कूल स्टाफ को भी अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है. किसी को भी मोबाइल ले जाने की इजाजत नहीं है. सीसीटीवी कैमरों के साथ ही जैमर भी लगाया गया है. बड़े अधिकारी लगातार सेंटर्स का निरीक्षण कर रहे हैं. पेरेंट्स का कहना है कि इस बार व्यवस्थाएं बेहतर हैं. पुलिस का दावा है कि पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
जोधपुर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को लेकर जोधपुर शहर में सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं. परीक्षा के निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है.
जोधपुर पुलिस आयुक्त शरद कविराज ने बताया कि पुलिस मुख्यालय और राज्य सरकार से प्राप्त सभी दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना की जा रही है. परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी के लिए विशेष उड़न दस्तों (फ्लाइंग स्क्वॉड) का गठन किया गया है, जो विभिन्न केंद्रों पर लगातार नजर रखेंगे.
