खबर

पूजा पाल ने अखिलेश यादव को बताया- भाजपा में आकर क्या मिला, पिछड़ा कार्ड भी खेल दिया | pooja pal attack akhilesh yadav and plays non yadav obc card



लखनऊ:

समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने बीते दिनों पूजा पाल को लेकर तंज कसा था. यह भी पूछा था कि आखिर भाजपा में जाने पर उन्हें क्या मिला है. अब दिवंगत विधायक राजू पाल की पत्नी पूजा ने तीखा जवाब अखिलेश यादव को दिया है. हाल ही में भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष बनीं पूजा पाल ने कहा कि मुझे गर्व है कि मैं भाजपाई हूं और पाल समाज की बेटी हूं. एक्स हैंडल पर पूजा पाल ने लिखा, ‘अखिलेश यादव जी, आप पूछ रहे थे कि मुझे क्या मिला? आज आपके प्रश्न का जवाब देती हूं. अखिलेश जी, मुझे गर्व है कि मैं पाल समाज की बेटी हूं और भाजपाई हूं। मैं उस पार्टी में हूं, जहां चाय वाला भी प्रधानमंत्री बन सकता है. ये मेरी क्षमता पर निर्भर करता है. अखिलेश जी, मैं उस पार्टी में हूं, जहां पाल समाज का बेटा या बेटी विधायक, सांसद, मंत्री, उपमुख्यमंत्री, मुख्यमंत्री, राज्यपाल, प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति बन सकता है. सपा में अतीक, मुख्तार, आजम और सैफई परिवार के अलावा किसी का कोई भविष्य न पहले कभी था और न होगा.’

पूजा पाल की इस टिप्पणी में पिछड़ा कार्ड भी दिखा. आमतौर पर भाजपा की ओर से यह कोशिश की जाती रही है कि सपा में यादवों के अलावा अन्य पिछड़ों की उपेक्षा की बात उठाई जाए. पूजा पाल के जवाब में भी यही कार्ड दिखा. उन्होंने खुद को पाल समाज की बेटी बताया. साफ था कि वह अपनी बिरादरी को भी संकेत देना चाहती हैं. भाजपा ने हाल ही में उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है. वह विधायक भी हैं और योगी आदित्यनाथ से उनकी कई बार मुलाकात हो चुकी है. ऐसे में उन्हें लेकर भाजपा यह संदेश देने की कोशिश करती रही है कि वह पूजा पाल को महत्व दे रही है.

उनके नाम के साथ ही अतीक अहमद की यादें भी लोगों के जेहन में आती हैं. अतीक अहमद को पुलिस सुरक्षा में हुए हमले में कुछ लोगों ने मार डाला था. अतीक अहमद को सपा की ओर से संरक्षण का आरोप लगता रहा है. इसके अलावा अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ पर पूजा पाल के पति राजू पाल की हत्या का भी आरोप था. ऐसे में एक पूजा पाल का चेहरा कई संदेश देता है. माना जाता है कि भाजपा ने इसीलिए उन्हें आगे किया है. 

पूजा पाल के जरिए क्या संदेश देना चाहती है भाजपा?

पूजा पाल बीते साल ही भाजपा में शामिल हो गई थीं. हालांकि अखिलेश यादव पूजा पाल को उनकी बिरादरी का नेता मानने से इनकार करते हैं. पिछले दिनों उन्होंने कहा था कि पाल समाज के सबसे बड़े नेता श्याम लाल पाल हमारे साथ हैं. पूजा पाल के जाने से हमें कोई नुकसान नहीं होगा. ऐसे में पूजा पाल का अखिलेश यादव पर तल्ख हमला बताता है कि भाजपा उन्हें आगे कर संदेश देने की कोशिश में है.




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button