

मुर्शिदाबाद:
मुर्शिदाबाद जिले के गोविंदोपुर रेलवे फाटक के पास शुक्रवार की सुबह 7 बजे एक बड़ा हादसा हुआ है. यहां ट्रेन स्कूल वैन से टकरा गई. घटना में तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि कई छात्र गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. जिनका मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है. बताया जा रहा है कि फाटक खुला हुआ था, ऐसे में अचानक से स्कूल वैन गुजरी और ट्रेन को नहीं देख पाई. जिससे ट्रेन की सीधी वैन से टक्कर हो गई. टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए, हादसा इतना खतरनाक था कि स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में पुलिस और प्रशासन की टीमें जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
पूर्वी रेलवे ने शुरू की जांच
बंगाल में लेवल क्रॉसिंग पर पूल कार की ट्रेन की टक्कर पर एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में एक पूल कार के ट्रेन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में दो स्कूली बच्चे भी शामिल हैं. ईस्टर्न रेलवे के अधिकारी ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब 7 बजे कर्ना सुबर्णा रेलवे स्टेशन के पास एक लेवल क्रॉसिंग गेट पर हुआ. उन्होंने कहा, छात्रों को स्कूल ले जा रही पूल कार कटवा से लगभग 48 किलोमीटर दूर कर्ना सुबर्णा स्टेशन के पास लेवल क्रॉसिंग गेट पर रेल लाइन पार कर रही थी, तभी एक लोकल ट्रेन ने गाड़ी को टक्कर मार दी. अधिकारी ने बताया कि हादसे की वजह का पता लगाने के लिए 10 सदस्यों की एक टीम मौके पर भेजी गई है.
स्थानीय लोगों में दिखा आक्रोश
घटना को लेकर NDTV से बातचीत में स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है. मौके पर मौजूद युवाओं ने बताया कि इस घटना के लिए रेलवे का गैटमेन जिम्मेदार है. आबादी वाले इलाके में बड़ी लापरवाही बरती गई. जिसके चलते यह घटना हुई है. फाटक खुला रहने को लेकर मौके पर मौजूद लोग नाराज हैं. स्थानीय लोगों का दावा है कि कार में 8 बच्चे बैठे हुए थे. हालांकि अब तक इसको लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. लेकिन घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में गुस्सा दिखा है.
फिलहाल मुर्शिदाबाद की इस घटना के बाद रेलवे में भी हड़कंप मचा हुआ है. क्योंकि रेलवे का फाटक कैसे खुला रहा. इस मामले की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं. इस घटना को लेकर फिलहाल प्रशासनिक स्तर बयान आने के बाद स्थिति और क्लीयर हो सकेगी.
ये भी पढ़ेंः मुर्शिदाबाद में बड़ा ट्रेन हादसा, छात्रों को ले जा रही स्कूल वैन में टक्कर मारी, 2 स्टूडेंट समेत 3 की मौत





