

Medical Bond in MBBS : NEET UG 2026 परीक्षा के बाद अब लाखों छात्र रिजल्ट और MBBS एडमिशन का इंतजार कर रहे हैं. मेडिकल कॉलेज में सीट मिलना हर छात्र के लिए बड़ी उपलब्धि होती है, लेकिन एडमिशन से पहले कुछ जरूरी नियमों को समझना भी बेहद अहम है. इन्हीं में से एक होता है मेडिकल बॉन्ड. MBBS में एडमिशन लेने वाले छात्रों को कई राज्यों में मेडिकल बॉन्ड साइन करना पड़ता है. इसके तहत पढ़ाई पूरी करने के बाद डॉक्टरों को एक तय समय तक सरकारी या ग्रामीण अस्पतालों में सेवा देनी होती है. वहीं, अगर कोई छात्र बीच में कोर्स छोड़ता है या बॉन्ड की शर्तें पूरी नहीं करता, तो उसे लाखों रुपए तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है.
क्या होता है मेडिकल बॉन्ड?
मेडिकल बॉन्ड एक कानूनी समझौता होता है, जो MBBS छात्र और राज्य सरकार या मेडिकल संस्थान के बीच किया जाता है. इसका मकसद यह पक्का करना होता है कि सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पढ़ाई करने वाले डॉक्टर जरूरत वाले इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं. इस व्यवस्था के जरिए MBBS और इंटर्नशिप पूरी करने के बाद छात्रों को कुछ राज्यों में 1 से 5 साल तक सरकारी, ग्रामीण या सेमी-अर्बन अस्पतालों में मेडिकल ऑफिसर के तौर पर काम करना पड़ सकता है.
इस दौरान डॉक्टरों को सरकारी नियमों के अनुसार सैलरी दी जाती है. हालांकि, अगर कोई छात्र सेवा देने से इनकार करता है, तो उसे बॉन्ड तोड़ने की फीस या जुर्माना भरना पड़ सकता है. मेडिकल बॉन्ड आमतौर पर दो प्रकार का होता है –
सर्विस बॉन्ड: MBBS कोर्स पूरा करने के बाद कैंडिडेट को सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर के तौर पर काम करना होता है. सरकारी मेडिकल कॉलेज के मामले में, राज्य का स्वास्थ्य विभाग MBBS पास करने वाले सभी स्टूडेंट्स को कोई अस्पताल या प्राइमरी हेल्थ केयर या कम्युनिटी हेल्थ सेंटर अलॉट करता है. सरकारी मेडिकल कॉलेज सर्विस बॉन्ड में बॉन्ड की रकम भी शामिल होती है. अगर कोई स्टूडेंट सर्विस नहीं करना चाहता है, तो MBBS क्वालिफिकेशन सर्टिफिकेट पाने के लिए उसे सरकार को तय रकम चुकानी होगी.
कोर्स बीच में छोड़ने पर पेनल्टी बॉन्ड: इसे आमतौर पर कोर्स डिस्कंटिन्यूएशन बॉन्ड कहा जाता है. इसके तहत छात्र से उम्मीद की जाती है कि वह 5.5 साल का MBBS कोर्स पूरा करेगा. अगर कोई छात्र बीच में पढ़ाई छोड़ देता है या किसी दूसरी पढ़ाई के लिए MBBS सीट खाली कर देता है, तो उससे सीट छोड़ने की पेनल्टी वसूली जा सकती है. इसका कारण यह है कि उस सीट पर दूसरा छात्र एडमिशन नहीं ले पाता और कॉलेज को नुकसान होता है. ये पैनल्टी लाखों की हो सकती है.
राज्यों के हिसाब से अलग-अलग हैं नियम
मेडिकल बॉन्ड के नियम पूरे देश में एक जैसे नहीं हैं. अलग-अलग राज्यों ने अपनी जरूरत और पॉलिसीज के अनुसार अलग-अलग नियम बनाए हैं. कुछ राज्यों में MBBS छात्रों पर कोई सर्विस बॉन्ड लागू नहीं है. वहीं, कई राज्यों में एक से दो साल तक ग्रामीण सेवा अनिवार्य है. उदाहरण के लिए –
- महाराष्ट्र और कर्नाटक में 1 साल का बॉन्ड है, जिसमें बॉन्ड तोड़ने पर करीब 10 लाख रुपए तक का जुर्माना हो सकता है.
- गुजरात में 1 साल की सेवा के लिए करीब 20 लाख रुपए तक की पेनल्टी का नियम है.
- उत्तर प्रदेश में 2 साल की सरकारी सेवा का नियम है.
- हरियाणा में 5 साल तक की सरकारी सेवा का बॉन्ड है, जिसमें जुर्माने की राशि 23 से 25 लाख रुपए से ज्यादा हो सकती है.
एडमिशन से पहले नियम जरूर पढ़ें
मेडिकल बॉन्ड की शर्तें और जुर्माने की राशि समय-समय पर बदल सकती हैं. इसलिए छात्रों को MBBS में एडमिशन लेने से पहले अपने राज्य और कॉलेज की ऑफिशियल एडमिशन गाइडलाइन जरूर पढ़नी चाहिए. मेडिकल शिक्षा पर सरकार बड़ी राशि खर्च करती है, इसलिए बॉन्ड व्यवस्था का मकसद यह पक्का करना है कि डॉक्टरों की सेवाएं उन क्षेत्रों तक भी पहुंचें, जहां स्वास्थ्य सुविधाओं की सबसे ज्यादा जरूरत है.
ये भी पढ़ें – अब ‘जुगाड़’ से नहीं खुलेंगे मेडिकल कॉलेज, NMC ने नियमों में किया बड़ा फेरबदल, जानें नई शर्तें





