
अगर कोई कुत्ता गांजा खा ले तो उसकी क्या हालत होगी? यह सवाल शायद ही आपके दिमाग में आए लेकिन यूनाइटेड किंगडम (UK) में टोक्यो नाम के फिमेल लैब्राडोर के साथ कुछ ऐसा ही हुआ और उसकी जान पर बन आई. यूके के सबसे ऊंचे पहाड़ पर ट्रैकिंग करके चढ़े इस ब्लैक लैब्राडोर कुत्ते को रेस्क्यू करना पड़ा है, क्योंकि कैनबिस (गांजा) खाने के बाद वह गंभीर रूप से बीमार पड़ गया थी.
CNN की रिपोर्ट के अनुसार कुत्ते की मालकिन क्रिस्टीना ब्लुहमे ने बताया कि पिछले रविवार को स्कॉटलैंड के बेन नेविस पहाड़ पर चढ़ाई के दौरान पांच साल की टोक्यो बीमार पड़ गयी और कुछ घंटों बाद बेहोश भी हो गई.
आखिर हुआ क्या था?
CNN की इस रिपोर्ट के अनुसार टोक्यो अपनी मालिक ब्लूमे, उनके 17 साल के बेटे मैग्नस और दूसरे कुत्ते ब्लेज के साथ पहाड़ पर ट्रेकिंग कर रही थी. शुरुआत में टोक्यो बिल्कुल ठीक थी. वह ट्रीट खा रही थी, पानी पी रही थी और हमेशा की तरह बहुत एक्टिव थी. लेकिन जब वे पहाड़ की चोटी से करीब एक घंटे की दूरी पर थे, तब अचानक टोक्यो के पिछले पैर कमजोर पड़ने लगे. यह चोटी समुद्र तल से 1,345 मीटर की ऊंचाई पर है. कुछ ही देर में उसकी हालत और बिगड़ गई. वह बार-बार बेहोश होने लगी. यह देखकर ब्लूमे को लगा कि शायद चढ़ाई की वजह से उसकी रीढ़ की हड्डी में कोई गंभीर समस्या हो गई है. उन्हें डर था कि कहीं टोक्यो की जान न चली जाए.

Photo Credit: टोक्यो को पहाड़ी से स्ट्रेचर पर लादकर रेस्क्यू किया गया (फोटो- लोचाबर माउंटेन रेस्क्यू टीम, फेसबुक)
ब्लूमे ने 24 किलो वजन की टोक्यो को गोद में उठाकर नीचे लाने की कोशिश की, लेकिन भारी बारिश और ज्यादा वजन की वजह से ऐसा करना मुश्किल हो गया. तभी एक दूसरे ट्रेकर ने उन्हें इमरजेंसी सर्विस (रेस्क्यू के लिए) को फोन करने की सलाह दी. टोक्यो के लिए अच्छी बात यह रही कि लोचाबर माउंटेन रेस्क्यू टीम के वॉलंटियर्स पास ही मौजूद थे, क्योंकि वे अभी-अभी चोटी पर एक और इमरजेंसी से निपटकर लौटे थे. इसके बाद यह माउंटेन रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. टीम ने टोक्यो को स्ट्रेचर पर रखा और सुरक्षित नीचे ले आई. वहां से ब्लूमे उसे तुरंत पास के वेट ले गईं.

गांजा खाकर बीमार हुई टोक्यो (फोटो- ब्लूमे)
जांच के दौरान डॉक्टर ने बताया कि टोक्यो की हालत किसी चोट की वजह से नहीं, बल्कि कैनाबिस या गांजे के असर की वजह से हुई थी. डॉक्टर ने उसके लक्षण देखकर यह बात पहचानी. बाद में जब उसका टेंपरेचर जांचा गया, तो गैस निकलने पर उसमें गांजे जैसी तेज गंध भी आई. इससे शक और मजबूत हो गया कि टोक्यो ने रास्ते में कहीं गांजे वाली कोई चीज खा ली थी.
अच्छी बात यह रही कि इलाज के बाद टोक्यो पूरी तरह ठीक हो गई. रेस्क्यू ने भी बताया कि आमतौर पर बहुत फिट और सक्रिय रहने वाली टोक्यो ने शायद ट्रेकिंग के दौरान कोई ऐसी चीज खा ली थी, जिससे उसकी हालत अचानक बेहद खराब हो गई.
यह भी पढ़ें: चीन में बच्चे और पालतू जानवर पेठे से चिपक कर क्यों सो रहे?





