

कभी-कभी एक बयान पूरा इंटरनेट हिला देता है. इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ. रियलिटी शो में अश्नीर ग्रोवर (Ashneer Grover) की पत्नी माधुरी जैन ने तीसरे बच्चे और अमीर-गरीब को लेकर ऐसी बात कह दी, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी. देखते ही देखते उनका वीडियो वायरल हो गया और लोग उन्हें जमकर ट्रोल करने लगे. लेकिन कहानी में असली ट्विस्ट तब आया, जब ट्रोलिंग के बीच अश्नीर ग्रोवर ने सिर्फ एक लाइन लिखी और वही जवाब अब इंटरनेट पर सबसे ज्यादा चर्चा में है.
तीसरे बच्चे पर बयान से मच गया बवाल
नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो ‘लॉकअप: सच या सजा’ में माधुरी जैन ने अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़ी कई बातें शेयर कीं. उन्होंने कहा कि उन्हें तीसरा बच्चा न होने का अफसोस है, क्योंकि उनके मुताबिक तीसरा बच्चा इंसान को जवान रखता है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर शाहरुख खान समेत कई बड़े अमीर लोगों को देखें तो उनके यहां तीसरा बच्चा है. इसके बाद उन्होंने कहा कि ‘जितने अमीर लोग ज्यादा बच्चे पैदा करेंगे, उतनी उनकी अमीरी बढ़ेगी और जितने गरीब लोग ज्यादा बच्चे पैदा करेंगे, उतनी उनकी गरीबी बढ़ेगी.’ उनका यही बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और देखते ही देखते विवाद शुरू हो गया.
Bheek / Chanda maangne ka tareeka thoda casual hai !
Biwi ne achha gyaan de diya hai – itne mein itna hi milega 🙂 https://t.co/vnK86BqtHr
— Ashneer Grover (@Ashneer_Grover) July 6, 2026
यूजर्स ने जमकर घेरा
माधुरी जैन का बयान वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया. एक यूजर ने अश्नीर ग्रोवर को टैग करते हुए लिखा, ‘अगर आपकी पत्नी का मानना है कि ज्यादा बच्चे होने से गरीबी बढ़ती है, तो अपनी करीब 900 करोड़ रुपये की संपत्ति में से 1,800 परिवारों को 50-50 लाख रुपये दे दीजिए. इससे 3,200 बच्चों का भविष्य बेहतर हो जाएगा. फिर सिर्फ अपने दो बच्चों के लिए इतनी बड़ी दौलत संभालकर रखने की क्या जरूरत है?’ इस पोस्ट पर भी लोगों ने जमकर रिएक्शन दिए.
अशनीर ग्रोवर का एक लाइन वाला जवाब वायरल
पत्नी के बयान पर मचे बवाल के बीच अश्नीर ग्रोवर ने सोशल मीडिया पर जवाब दिया. उन्होंने लिखा, ‘भीख मांगने का तरीका थोड़ा सहज है.’ उनका ये छोटा सा जवाब कुछ ही मिनटों में वायरल हो गया. किसी ने इसे मजेदार बताया तो किसी ने इसे करारा जवाब कहा. तो किसी ने कहा कि इस एक लाइन ने पूरे विवाद को और हवा दे दी. अब सोशल मीडिया पर बयान से ज्यादा अशनीर का जवाब चर्चा में बना हुआ है.
अब सबकी नजर माधुरी जैन पर
फिलहाल सोशल मीडिया पर इस पूरे मामले की चर्चा थमने का नाम नहीं ले रही है. अब लोग इंतजार कर रहे हैं कि शो से बाहर आने के बाद माधुरी जैन ट्रोलिंग और अपने वायरल बयान पर क्या सफाई देती हैं. फिलहाल उनका बयान और अश्नीर ग्रोवर का जवाब दोनों ही इंटरनेट पर सुर्खियां बटोर रहा है.





